T20 World Cup 2026

‘कहो ना प्यार है’ छोड़कर चुनी फ्लॉप फिल्म… फिर भी रातों-रात स्टार बन गईं कपूर खानदान की बेटी

Kareena Kapoor Birthday: कपूर खानदान की लाडली करीना कपूर खान ने बॉलीवुड में फ्लॉप डेब्यू करने के बावजूद अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्होंने सुपरहिट फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ को छोड़कर ‘रिफ्यूजी’ से करियर शुरू किया, जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई. लेकिन ‘कभी खुशी कभी ग़म’ की ‘पू’ और ‘जब वी मेट’ की ‘गीत’ जैसी आइकॉनिक भूमिकाओं ने उन्हें स्टारडम तक पहुंचा दिया.

Instagram
Babli Rautela

Kareena Kapoor Birthday: बॉलीवुड में अगर किसी घराने ने दशकों तक अपनी धाक जमाई है, तो वह है कपूर खानदान. इस परिवार ने हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक दिग्गज कलाकार दिए हैं. इन्हीं में से एक नाम है करीना कपूर खान, जिन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर इंडस्ट्री में खास मुकाम हासिल किया है.

करीना कपूर का जन्म 21 सितंबर 1980 को कपूर खानदान में हुआ था. साल 2000 में उन्होंने जेपी दत्ता की फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से डेब्यू किया. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला. हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी. हैरानी की बात यह रही कि करीना ने उस समय की सुपरहिट फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ को छोड़कर ‘रिफ्यूजी’ को चुना था. उनका मानना था कि उन्हें अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाना है. हालांकि, यह फैसला शुरुआत में जोखिम भरा साबित हुआ.

एक्सपेरिमेंट्स से भरा शुरुआती करियर

करीना का करियर शुरुआत से ही एक्सपेरिमेंट्स से भरा रहा है. करण जौहर की ‘कभी खुशी कभी गम’ में उनका ‘पू’ का किरदार आज भी फैशन और स्टाइल आइकन माना जाता है. लेकिन इस इमेज से बाहर निकलने के लिए उन्होंने आगे चलकर ‘चमेली’ (2004) जैसी फिल्मों को चुना, जिसमें उन्होंने वेश्या का किरदार निभाकर सबको चौंका दिया था. इसके बाद ‘ओंकारा’ (2006) में उनका डॉली मिश्रा का रोल उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ. इस फिल्म के लिए उन्हें आलोचकों से खूब तारीफें मिलीं और फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवॉर्ड भी हासिल हुआ.

‘जब वी मेट’ से मिला करियर का टर्निंग पॉइंट

करीना के करियर का असली टर्निंग पॉइंट आया साल 2007 में जब उन्होंने इम्तियाज अली की फिल्म ‘जब वी मेट’ में गीत का किरदार निभाया था. 'मैं अपनी फेवरेट हूं' जैसी डायलॉग ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. इस फिल्म ने उन्हें न सिर्फ पॉपुलैरिटी दिलाई बल्कि फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड भी दिलवाया. इसके बाद करीना ने ‘3 इडियट्स’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘गोलमाल 3’, ‘बॉडीगार्ड’, ‘गुड न्यूज’ और ‘हलचल’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया. इन फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड की बॉक्स ऑफिस क्वीन बना दिया. वहीं, ‘उड़ता पंजाब’ जैसी फिल्मों ने साबित किया कि वह न सिर्फ कमर्शियल बल्कि कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों में भी दमदार परफॉर्मेंस दे सकती हैं.

करीना ने हाल ही में ‘जाने जान’ और ‘द बकिंघम मर्डर्स’ जैसी थ्रिलर फिल्मों में अपनी एक्टिंग का अलग रंग दिखाया. बॉलीवुड में दो दशक पूरे करने के बाद भी उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. करीना कपूर ने यह साबित कर दिया कि फ्लॉप डेब्यू और ठुकराई गई सुपरहिट फिल्म के बावजूद मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी कलाकार ‘बॉक्स ऑफिस क्वीन’ बन सकता है.