menu-icon
India Daily

कृति सेनन के राखी ऐड विवाद के बीच वायरल हुआ कंगना रनौत का पुराना ऐड, सोशल मीडिया लोगों ने उठाए सवाल; देखें

कृति सेनन के ब्रालेट वाले रक्षाबंधन ऐड पर कंगना रनौत की आलोचना के बीच सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना का 2017 का पुराना राखी ऐड खोज निकाला, जिसमें वह स्ट्रैपलेस ड्रेस में नजर आई थीं. पुराने ऐड के वायरल होने के बाद यूजर्स ने कंगना की मौजूदा टिप्पणियों पर सवाल उठाए हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
कृति सेनन के राखी ऐड विवाद के बीच वायरल हुआ कंगना रनौत का पुराना ऐड, सोशल मीडिया लोगों ने उठाए सवाल; देखें
Courtesy: Social Media

कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. कृति के ब्रालेट-स्टाइल आउटफिट पर सवाल उठाने वाली कंगना रनौत का एक पुराना रक्षाबंधन ऐड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस पुराने ऐड में कंगना स्ट्रैपलेस ड्रेस पहने नजर आ रही हैं. इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना से ही सवाल करना शुरू कर दिया है.

ज्वेलरी ब्रांड GIVA के रक्षाबंधन कैंपेन में कृति सेनन अपने भाई के साथ राखी का त्योहार मनाती दिखाई दी थीं. ऐड में वह ऑफ-व्हाइट ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने नजर आईं. इसके अलावा ऐड में कृति अपने पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती दिखीं. ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने कृति के पहनावे और कुत्ते को राखी बांधने को लेकर सवाल उठाए. कुछ यूजर्स ने इसे भारतीय संस्कृति और रक्षाबंधन की परंपराओं से जोड़कर आलोचना की. मामला तब और गरमा गया जब एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी कृति के आउटफिट पर टिप्पणी की.

कंगना ने कृति के ऐड पर क्या कहा था?

कंगना ने कृति के ऐड पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि आज की महिलाओं के पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं, फिर राखी बांधते समय ऐसे कपड़े पहनने की जरूरत क्यों पड़ी. कंगना ने ऐड में ब्रालेट को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्हें लगता है कि यह विवाद सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं है. उन्होंने ऐड में पारंपरिक रक्षाबंधन से जुड़े तत्वों की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठाए. कंगना के मुताबिक, ऐड में माता-पिता, घर, हलवा-पूरी, भगवान, टीका, अक्षत, धूप और दीप जैसे पारंपरिक प्रतीक दिखाई नहीं दिए.

Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad - India Daily
Kriti Sanon Raksha Bandhan Ad - India Daily

अब वायरल हुआ कंगना का पुराना राखी ऐड

कृति सेनन की आलोचना के बीच सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना रनौत का 2017 का एक पुराना रक्षाबंधन ऐड खोज निकाला. कंगना ने खुद यह ऐड उस समय X पर शेयर किया था. ऐड में कंगना स्ट्रैपलेस ड्रेस पहने दिखाई दे रही हैं. पुराना वीडियो सामने आते ही यूजर्स ने कंगना की मौजूदा टिप्पणियों को उनके पुराने ऐड से जोड़ना शुरू कर दिया. एक यूजर ने सवाल किया, “कृति सेनन के काम पर कल्चरल शॉक. कंगना रनौत के काम पर कल्चरल हेरिटेज. क्यों?” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि दूसरों के कपड़ों पर टिप्पणी करने के बजाय कंगना को अपने राजनीतिक काम पर ध्यान देना चाहिए. एक अन्य टिप्पणी में पुराने ऐड को लेकर पूछा गया कि क्या यह भी भारतीय संस्कृति के खिलाफ नहीं था. इस तरह कृति के ऐड को लेकर शुरू हुई बहस अब कंगना के पुराने ऐड तक पहुंच गई है.

कृति ने भी दिया था करारा जवाब

विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा था कि त्योहारों का महत्व किसी व्यक्ति के कपड़ों से नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति उसकी भावनाओं और समझ से तय होना चाहिए. कृति ने रक्षाबंधन को सुरक्षा और भाई-बहन के बीच प्रेम का त्योहार बताते हुए महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली लगातार टिप्पणियों पर सवाल उठाया.

उन्होंने कहा कि समय के साथ एथनिक फैशन में बदलाव आया है, लेकिन आज भी महिलाओं के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उनके कपड़ों से मापने की कोशिश की जाती है. कृति ने जोर देकर कहा कि संस्कृति और परंपराएं किसी व्यक्ति के दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं.