menu-icon
India Daily

'जन नायगन' लीक एक्सीडेंट नहीं', कमल हासन ने बताया 'आर्ट पर हमला', सेंसर बोर्ड पर साधा तंज

अब वेटरन एक्टर कमल हासन ने भी विजय का साथ देते हुए लीक को 'सिस्टेमिक फेलियर' करार दिया है. जन नायगन को जनवरी में रिलीज होना था, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने कुछ कंटेंट पर आपत्ति जताई. बोर्ड के एतराज के बाद फिल्म की टीम कोर्ट चली गई.

antima
Edited By: Antima Pal
'जन नायगन' लीक एक्सीडेंट नहीं', कमल हासन ने बताया 'आर्ट पर हमला', सेंसर बोर्ड पर साधा तंज
Courtesy: x

मुंबई: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' की ऑनलाइन लीक ने पूरे फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर दिया है. फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई थी, लेकिन कल से इसकी एचडी प्रिंट्स पायरेटेड वेबसाइट्स पर उपलब्ध हो गईं. इस घटना पर दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारों ने नाराजगी जताई है.

'जन नायगन' लीक एक्सीडेंट नहीं'

अब वेटरन एक्टर कमल हासन ने भी विजय का साथ देते हुए लीक को 'सिस्टेमिक फेलियर' करार दिया है. जन नायगन को जनवरी में रिलीज होना था, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने कुछ कंटेंट पर आपत्ति जताई. बोर्ड के एतराज के बाद फिल्म की टीम कोर्ट चली गई. मामला अभी अदालत में लंबित है, जिसकी वजह से फिल्म की रिलीज अटक गई है. इसी देरी के बीच फिल्म लीक हो गई.

कमल हासन ने एक्स पर लिखा- 'जननायगन का लीक कोई एक्सीडेंट नहीं है, बल्कि यह सिस्टेमिक फेलियर का नतीजा है. अगर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी होती, तो हम इस स्थिति में नहीं होते. देरी ने पायरसी के लिए माहौल तैयार कर दिया. जब कानूनी रास्ता बंद हो जाता है, तो गलत चैनल्स सक्रिय हो जाते हैं.'

कमल हासन ने आगे कहा कि पायरसी राजनीति से ऊपर की चीज है. यह आर्ट और आर्टिस्ट पर सीधा हमला है. उन्होंने लिखा- 'पायरसी राजनीति से परे है. यह आर्ट और आर्टिस्ट पर हमला है. इससे सैकड़ों आर्टिस्ट, टेक्नीशियन की मेहनत, प्रोड्यूसर्स का निवेश, थिएटर ओनर्स और एक्जिबिटर्स सब प्रभावित होते हैं, जो सिनेमा को जिंदा रखते हैं.'

जन नायगन एच. विनोथ द्वारा निर्देशित राजनीतिक ड्रामा है. इसमें विजय के अलावा बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज और मामिता बाजू जैसे कलाकार हैं. यह फिल्म विजय की आखिरी सिनेमा फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि वे अब अपनी पार्टी टीवीके के साथ तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सक्रिय रूप से उतरने वाले हैं. 

विजय ने पहले ही आरोप लगाया था कि फिल्म की देरी उनके राजनीतिक विरोधियों की साजिश है. लीक की घटना पर तमिल और तेलुगु इंडस्ट्री से कई सितारे सामने आए हैं. राजीनिकांत समेत अन्य दिग्गजों ने भी पायरसी की निंदा की और सख्त कार्रवाई की मांग की है.