Commonwealth Games 2026

इंडियन आइडल 16 की विनर बनीं ज्योतिर्मयी नायक, ट्रॉफी के साथ जीते इतने लाख रुपए

इंडियन आइडल 16 का खिताब ज्योतिर्मयी नायक ने अपने नाम किया. शानदार गायकी से दर्शकों का दिल जीतने वाली विजेता ज्योतिर्मयी को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली.

Sony LIV
Sagar Bhardwaj

कई महीनों तक चले संगीत के रोमांचक सफर का समापन इंडियन आइडल सीजन 16 के ग्रैंड फिनाले के साथ हो गया. इस बार ज्योतिर्मयी नायक ने अपनी शानदार गायकी और लगातार दमदार प्रस्तुतियों के दम पर विजेता का खिताब अपने नाम किया. उन्हें ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई. शो के दौरान उनकी सुरीली आवाज और मंच पर आत्मविश्वास ने दर्शकों के साथ-साथ जजों का भी दिल जीता.

ज्योतिर्मयी नायक ने पूरे सीजन में कई लोकप्रिय गीतों पर प्रभावशाली परफॉर्मेंस देकर अपनी अलग पहचान बनाई. 'जब तक है जां, जाने जहां मैं नाचूंगी' और 'जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं' जैसे गीतों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा. हर एपिसोड के साथ उनका आत्मविश्वास और गायकी का स्तर बेहतर होता गया, जिसने उन्हें प्रतियोगिता का सबसे मजबूत दावेदार बना दिया.

फिनाले में कांटे की रही टक्कर

ग्रैंड फिनाले में टॉप-6 प्रतिभागियों के बीच खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला. स्पॉटलाइट राउंड के बाद मिस्मी बोस (मायस्क्म्मे बोसु) प्रतियोगिता से बाहर हो गईं. इसके बाद टॉप-5 में अंशिका चोनकर, ज्योतिर्मयी नायक, मनराज वीर सिंह, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला पहुंचे. फाइनल राउंड में अंशिका चोनकर और सुहैल सूफी एलिमिनेट हो गए. दोनों को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की ओर से 3-3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.


सितारों से सजा ग्रैंड फिनाले

ग्रैंड फिनाले में संगीत और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. उषा उथुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर ने अपनी मौजूदगी से समारोह को खास बनाया. आदित्य नारायण द्वारा होस्ट किए गए इस सीजन की शुरुआत अक्टूबर 2025 में 'यादों की प्लेलिस्ट' थीम के साथ हुई थी. देशभर से आए प्रतिभागियों ने पूरे सीजन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अंततः ज्योतिर्मयी नायक ने विजेता बनकर इस यादगार सफर का शानदार समापन किया.