'घिनौना... बीमार मानसिकता वाला बेशर्म', जाह्नवी के साथ चुट्टामल्ले का AI वीडियो देख आगबबूला हुए जूनियर NTR
जूनियर NTR ने 'चुट्टामल्ले' के AI-मॉर्फ्ड वीडियो पर नाराजगी जताते हुए इसे शर्मनाक और गंभीर मामला बताया है. उन्होंने वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और लोगों से ऐसे कंटेंट को शेयर नहीं करने की अपील की.
साउथ सुपरस्टार जूनियर NTR ने अपनी फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' के चर्चित गाने 'चुट्टामल्ले' से जुड़े एक AI-मॉर्फ्ड वीडियो पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया है. इस वीडियो में जूनियर NTR और जाह्नवी कपूर के गाने के विजुअल्स को कथित तौर पर AI की मदद से बदलकर आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया है. अभिनेता ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
जूनियर NTR ने सोशल मीडिया पर वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए AI के गलत इस्तेमाल पर सवाल उठाया. उन्होंने इसे 'Disgusting, Sick and Shameless' बताया. अभिनेता ने कहा कि किसी महिला से जुड़े कंटेंट को इस तरह बदलकर अपमानजनक रूप में पेश करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करना गंभीर मामला है. उन्होंने साफ किया कि वह इस मामले को नजरअंदाज नहीं करेंगे.
अभिनेता ने क्या दी चेतावनी?
अभिनेता ने वीडियो बनाने और उसे फैलाने वालों को सख्त चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि वह इस मॉर्फ्ड वीडियो के पीछे मौजूद लोगों को नहीं छोड़ेंगे और इसे बनाने के साथ-साथ प्रसारित करने वालों के खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई करेंगे. जूनियर NTR ने लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे कंटेंट को न देखें, शेयर करें या उस पर किसी तरह का जुड़ाव न दिखाएं.
Also Read
जूनियर NTR ने AI के दुरुपयोग को गंभीर समस्या बताते हुए राज्य सरकारों और भारत सरकार से भी सख्त कदम उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज किसी और के साथ ऐसा हो रहा है, लेकिन कल ऐसी घटना किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकती है. ऐसे मामलों को रोकने के लिए सख्त नियमों की जरूरत है.
'चुट्टामल्ले' गाना क्यों है खास?
'चुट्टामल्ले' साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' का लोकप्रिय गाना है. इसमें जूनियर NTR और जाह्नवी कपूर नजर आए थे. इस गाने को शिल्पा राव ने तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में गाया है. फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया था.
'देवरा: पार्ट 1' के बारे में
कोरटाला शिवा के निर्देशन में बनी ‘देवरा: पार्ट 1’ में जूनियर NTR, जाह्नवी कपूर और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म 27 सितंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसके बाद 8 नवंबर 2024 को इसका तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ वर्जन Netflix पर आया, जबकि हिंदी वर्जन 22 नवंबर 2024 को स्ट्रीम हुआ.