10 रुपये से शुरू किया था सफर, बाप-बेटे दोनों संग रोमांस करने वाली इस एक्ट्रेस ने राजनीति में आजमाया हाथ

बॉलीवुड की हिट एक्ट्रेस जया प्रदा ने कम उम्र में फिल्मों में कदम रखा और चार दशकों तक इंडस्ट्री पर राज किया. बाद में एक्ट्रेस ने फिल्मी दुनिया छोड़ राजनीति में जाकर नई पहचान बनाई.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: जया प्रदा हिंदी सिनेमा की उन चुनिंदा एक्ट्रेसेस में से हैं, जिन्होंने अपनी खूबसूरती और दमदार अभिनय से लाखों दिलों पर राज किया. उनकी बड़ी आंखें और मासूमियत भरी मुस्कान दर्शकों को दीवाना बना देती थी. महज 14 साल की उम्र में उन्होंने तेलुगु फिल्म भूमिकोसम से अपने करियर की शुरुआत की. इस फिल्म के लिए उन्हें केवल 10 रुपये फीस मिली थी, लेकिन यही छोटी शुरुआत उन्हें आगे चलकर स्टारडम की ऊंचाइयों तक ले गई.

जया प्रदा ने तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में अपनी पहचान बनाई और फिर हिंदी सिनेमा की ओर रुख किया. बॉलीवुड में उनकी एंट्री फिल्म सरगम से हुई, जिसमें उनके साथ ऋषि कपूर नजर आए थे. इस फिल्म ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार हिट फिल्मों की लाइन लगा दी.

सुपरस्टार्स के साथ जया प्रदा की हिट जोड़ी

जया प्रदा ने अपने करियर में कई बड़े सितारों के साथ काम किया. धर्मेन्द्र के साथ उनकी जोड़ी खासतौर पर बेहद लोकप्रिय रही. दोनों ने शहजादे, धर्म और कानून, न्यायदाता जैसी फिल्मों में साथ काम किया. इतना ही नहीं, उन्होंने सनी देओल के साथ भी फिल्मों में काम किया. वीरता और मजबूर जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी नजर आई और दर्शकों ने इसे भी पसंद किया. इस तरह जया प्रदा उन चुनिंदा एक्ट्रेसेस में शामिल हो गईं जिन्होंने बाप और बेटे दोनों के साथ स्क्रीन शेयर किया.

इंडस्ट्री पर चार दशकों तक किया राज

जया प्रदा ने अपने लंबे करियर में करीब 150 फिल्मों में काम किया. उनकी हिट फिल्मों की लिस्ट काफी लंबी है. उन्होंने सरगम, मां, घर घर की कहानी, तूफान, स्वर्ग से सुंदर, संजोग, मुद्दत, सिंदूर, जबरदस्त, जख्मी, गंगा तेरे देश में और कामचोर जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया. उनकी एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें उस दौर की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल कर दिया. वह धीरे धीरे इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में भी शामिल हो गईं.

जया प्रदा की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही. उन्हें कई बार रिश्तों को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा. कुछ लोगों ने उन्हें दूसरी औरत तक कहा, लेकिन उन्होंने इन सभी बातों को पीछे छोड़ते हुए अपने काम और करियर पर ध्यान दिया. उनकी जिंदगी में कई उतार चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और हमेशा आगे बढ़ती रहीं.