पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर और बेबाक सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने अपने फैंस को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. दिल्ली में आयोजित अपने ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के दौरान जैस्मिन ने स्टेज पर ही अपनी सगाई का ऐलान कर दिया. हजारों दर्शकों के सामने उन्होंने अपने मंगेतर शेखर चौधरी को बुलाया और अपनी जिंदगी के इस खास पल को सभी के साथ साझा किया.
जैस्मिन के इस खास ऐलान के बाद पूरा कॉन्सर्ट वेन्यू तालियों और उत्साह से गूंज उठा. सिंगर ने अपने मंगेतर को प्यार से ‘चौधरी साहब’ कहकर फैंस से मिलवाया. इसके बाद उन्होंने अपनी एंगेजमेंट रिंग भी दिखाई. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जैस्मिन बेहद खुश नजर आ रही हैं और फैंस लगातार इस खूबसूरत पल पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
कॉन्सर्ट के बीच जैस्मिन ने अचानक शेखर चौधरी को स्टेज पर बुलाया. जैसे ही दोनों साथ आए, वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया. जैस्मिन ने मुस्कुराते हुए कहा, “ये हैं मेरे चौधरी साहब. मैंने बुला ही लिया.” इसके बाद उन्होंने बताया कि यही वह शख्स हैं जिन्होंने उनकी उंगली में सगाई की अंगूठी पहनाई है. इस दौरान जैस्मिन अपनी खुशी को छिपा नहीं पाईं और उन्होंने शेखर को गले लगा लिया. दोनों ने स्टेज पर रोमांटिक अंदाज में डांस भी किया. जैस्मिन का चर्चित गाना ‘लावां’ बजा और कपल की केमिस्ट्री ने पूरे माहौल को प्यार भरा बना दिया.
Also Read
जैस्मिन सैंडलस के फैंस अब सबसे ज्यादा यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर शेखर चौधरी कौन हैं. हालांकि, सिंगर ने अभी तक अपने रिश्ते या मंगेतर से जुड़ी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. यही वजह है कि शेखर को लेकर लोगों की दिलचस्पी और भी बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों की बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है. फैंस इस नई शुरुआत के लिए जैस्मिन को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी निजी जिंदगी के इस नए अध्याय को लेकर काफी उत्साहित हैं.
जैस्मिन सैंडलस की निजी जिंदगी पहले भी चर्चा में रही है. वह पंजाबी सिंगर गैरी संधू को डेट कर चुकी हैं. हालांकि, दोनों का रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल पाया और उनका ब्रेकअप हो गया था. जैस्मिन ने कई मौकों पर अपने टूटे रिश्ते और उस दौर की मुश्किलों के बारे में खुलकर बात की थी. अब शेखर चौधरी के साथ सगाई के बाद जैस्मिन की जिंदगी में एक नई शुरुआत हुई है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि यह रिश्ता उनके जीवन में ढेर सारी खुशियां लेकर आएगा.
सगाई के ऐलान के अलावा जैस्मिन ने अपने शानदार परफॉर्मेंस से भी दिल्ली कॉन्सर्ट में चार चांद लगा दिए. उन्होंने ‘पंजेबा’, ‘सिप सिप’, ‘लावां’, ‘शरारत’, ‘जाइए सजना’, ‘धुरंधर’, ‘तरस’, ‘इल्लीगल वेपन’ और ‘यार ना मिले’ जैसे लोकप्रिय गानों पर जबरदस्त प्रस्तुति दी. इस खास मौके पर जैस्मिन का लुक भी चर्चा में रहा. गोल्डन रंग के हैवी एम्बेलिश्ड लहंगे और खूबसूरत जूलरी में वह बेहद आकर्षक लग रही थीं. उनका ग्लैमरस अंदाज और चेहरे की खुशी फैंस का ध्यान खींच रही थी.
दिल्ली से शुरू हुआ जैस्मिन सैंडलस का ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ अब मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ जैसे शहरों तक पहुंचेगा. हालांकि, इस समय उनके फैंस के बीच सबसे ज्यादा चर्चा उनके गानों की नहीं, बल्कि उनकी सगाई और नई प्रेम कहानी की हो रही है. जैस्मिन ने अपने इस खास पल को जिस अंदाज में दुनिया के सामने रखा, उसने उनके चाहने वालों को भावुक कर दिया. अब हर कोई इस नई जोड़ी की आगे की कहानी जानने के लिए उत्सुक नजर आ रहा है.