फैंस के लिए बुरी खबर! कानूनी विवाद में फंसी फिल्म 'हेरा फेरी 3', डायरेक्टर ने दिया बड़ा अपडेट
अक्षय कुमार की 'हेरा फेरी 3' अभी भी कानूनी उलझनों में फंसी हुई है. फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने हाल ही में इसकी पुष्टि की और कहा कि वे सब कुछ सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं.
मुंबई: 'हेरा फेरी 3' अभी भी कानूनी उलझनों में फंसी हुई है. फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने हाल ही में इसकी पुष्टि की और कहा कि वे सब कुछ सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं. प्रियदर्शन ने बताया- 'फिल्म अभी भी कुछ कानूनी मुद्दों में अटकी हुई है. हम इसे सुलझाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. एक बार ये मामले साफ हो जाएंगे, तब हम फिल्म को आगे बढ़ाएंगे.'
कानूनी विवाद में फंसी फिल्म 'हेरा फेरी 3'
उन्होंने फैंस की उम्मीदों का जिक्र करते हुए कहा- 'चलिए देखते हैं. आप भी प्रार्थना कीजिए कि मुझे दिमाग सही से काम करें.' प्रियदर्शन ने 'हेरा फेरी' फिल्म डायरेक्ट की थी, इसलिए उनकी वापसी को लेकर फैंस में खास उत्साह है. कई लोग मान रहे हैं कि अगर प्रियदर्शन फिल्म संभालेंगे तो पहली और दूसरी फिल्म वाली मजेदार और क्लासिक कमेडी वाली फीलिंग वापस लौट सकती है.
अक्षय, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिगड़ी फैंस को आई पसंद
'हेरा फेरी 3' कई सालों से बनने की तैयारी में है, लेकिन बार-बार रुकावटें आ रही हैं. अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की जोड़ी वाले पहले दो पार्ट्स आज भी दर्शकों के दिलों में बस चुके हैं. राजू, श्याम और बाबूराव के किरदार, उनके डायलॉग और मीम्स आज भी सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं. लेकिन तीसरी फिल्म लाने में काफी मुश्किलें आ रही हैं.
2026 तक फिल्म कानूनी, आर्थिक और कॉन्ट्रैक्ट संबंधी विवादों में घिरी हुई है. सबसे बड़ा मुद्दा प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के अधिकारों को लेकर है. एक कंपनी ने कॉपीराइट का दावा किया है, जिसकी वजह से प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पा रहा है. पिछले कुछ सालों में ओनरशिप, क्रिएटिव डायरेक्शन और कॉन्ट्रैक्ट को लेकर कई बार झगड़े भी सामने आए. कभी-कभी ये विवाद पब्लिक नोटिस और लीगल नोटिस तक पहुंच गए, जिससे फिल्म और ज्यादा देरी का शिकार हो गई.
फैंस अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही सारी उलझनें सुलझ जाएंगी और अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी व परेश रावल एक बार फिर स्क्रीन पर हंसाने के लिए वापस आएंगे. प्रियदर्शन की डायरेक्शन में फिल्म बनने की खबर ने भी उत्साह बढ़ा दिया है. प्रियदर्शन जैसे अनुभवी डायरेक्टर के हाथों में फिल्म होने से उम्मीद है कि 'हेरा फेरी 3' पुरानी वाली मस्ती और बेपरवाह कमेडी को दोबारा ला सकेगी.