'पासपोर्ट जब्त करो...', महिला आयोग ने बादशाह की गिरफ्तारी का दिया आदेश, 'टटिहरी' गाने विवाद में समयसीमा चूकने पर सख्त कार्रवाई

मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अब गंभीर विवाद में घिर गए हैं. उनके नए हरियाणवी गाने 'टटिहरी' के बोल और वीडियो को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार को आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने बादशाह को दोपहर 3 बजे तक पर्सनली पेश होने का समय दिया था, लेकिन वो नहीं पहुंचे.

x
Antima Pal

चंड़ीगढ़: बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अब गंभीर विवाद में घिर गए हैं. उनके नए हरियाणवी गाने 'टटिहरी' के बोल और वीडियो को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार को आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने बादशाह को दोपहर 3 बजे तक पर्सनली पेश होने का समय दिया था, लेकिन वो नहीं पहुंचे. इसके बाद आयोग ने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिया कि बादशाह की तुरंत गिरफ्तारी कराई जाए और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए.

6 मार्च को बादशाह को नोटिस जारी किया था

रेणु भाटिया ने साफ कहा- बादशाह का पासपोर्ट जब्त किया जाए ताकि वो देश छोड़कर कहीं भाग न सके.' आयोग ने 6 मार्च को बादशाह को नोटिस जारी किया था, जिसमें उनसे पानीपत एसपी ऑफिस में पेश होकर गाने के आपत्तिजनक बोल और लड़कियों के शॉट्स पर सफाई मांगने को कहा गया था. बदशाह के तीन वकीलों ने पेशी के लिए प्रोफेशनल व्यस्तता और सिक्योरिटी की चिंता बताई.

उन्होंने समय बढ़ाने और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई की गुजारिश की, लेकिन आयोग ने मना कर दिया. वकीलों ने कहा कि बादशाह ने पहले ही वीडियो में माफी मांग ली है, वो कोई अपराधी नहीं हैं और हरियाणा का नाम प्रमोट करते हैं. लेकिन चेयरपर्सन ने जोर दिया कि समन में खुद पेश होना जरूरी है. विवाद बढ़ने के साथ पंचकूला और जींद में बदशाह के खिलाफ तीन अलग-अलग केस दर्ज हो चुके हैं. 

खाप पंचायतों और कई सामाजिक संगठनों ने गाने पर पूरी तरह बैन लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि गाने में महिलाओं और नाबालिगों को ऑब्जेक्टिफाई करने वाले शब्द और विजुअल्स हरियाणवी संस्कृति और गरिमा के खिलाफ हैं. हरियाणा पुलिस ने FIR दर्ज कर गाने का वीडियो हटाने के नोटिस जारी किए हैं और लोक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की तैयारी कर रही है. 

बादशाह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा था कि वो हरियाणवी होने पर गर्व करते हैं, लेकिन कभी-कभी गलती हो जाती है. उन्होंने माफी मांगी थी, लेकिन विवाद थमने के बजाय और बढ़ गया है. सोशल मीडिया पर लोग दो हिस्सों में बंट गए हैं- कुछ क्रिएटिव फ्रीडम की बात कर रहे हैं, तो कुछ इसे अश्लील और अपमानजनक बता रहे हैं. यह मामला अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है. बादशाह के लिए आगे क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा. बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में ऐसे विवाद अक्सर आते हैं, लेकिन इस बार हरियाणा की सख्ती ने इसे अलग स्तर पर पहुंचा दिया है.