ये चमत्कार से कम नहीं... कैंची धाम जाने के 2 महीने बाद मिला ‘हनुमान अंश’ का ऑफर, नीम करोली बाबा ने बदल दी किस्मत

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कंपोजर धीरेंद्र मुलकलवार ने बताया कि कैंची धाम जाने के कुछ महीनों बाद उन्हें फिल्म का ऑफर मिला.

X
Ashutosh Rai

Dhirendra Mulkalwar : ‘हनुमान अंश’ की सफलता के साथ फिल्म के भजन और गाने भी चर्चा में हैं. ‘सीयावर राम चंद्र की जय’ को कंपोज करने वाले धीरेंद्र मुलकलवार ने फिल्म से जुड़ने की कहानी साझा की है. उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से नीम करोली बाबा के भक्त हैं और कैंची धाम जाना चाहते थे.

कैंची धाम जाने के बाद मिला फिल्म का ऑफर

धीरेंद्र ने बताया कि करीब 6-7 साल से वह कैंची धाम जाकर बाबा का आशीर्वाद लेना चाहते थे लेकिन हर बार कोई न कोई वजह आड़े आ जाती थी. आखिरकार अप्रैल 2025 में वह कैंची धाम पहुंचे. इसके करीब 2-3 महीने बाद फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने उन्हें फोन करके काम का ऑफर दिया. धीरेंद्र के लिए यह सिर्फ एक संयोग नहीं था. उन्होंने बताया कि ऑफर मिलते ही उन्होंने बिना देर किए हां कर दी और विशाल को अपनी हाल की कैंची धाम यात्रा के बारे में बताया.

विशाल चतुर्वेदी भी कर रहे थे आध्यात्मिक साधना

धीरेंद्र ने बताया कि खास बात यह थी कि फिल्म मिलने से पहले उन्हें और विशाल चतुर्वेदी को एक-दूसरे के नीम करोली बाबा से जुड़ाव के बारे में जानकारी नहीं थी. उस समय विशाल फिल्म के लिए 43 दिनों की आध्यात्मिक साधना कर रहे थे और हनुमान चालीसा का पाठ करते थे. धीरेंद्र के मुताबिक, जब उन्हें पता चला कि विशाल बाबा की जिंदगी पर फिल्म बना रहे हैं, तो उन्हें यह पूरा घटनाक्रम किसी चमत्कार जैसा लगा. उन्हें लगा कि शायद उनका इस फिल्म से जुड़ना पहले से तय था.


‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर बनाया रिकॉर्ड

‘हनुमान अंश’ अब तक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. कहानी के साथ फिल्म के आध्यात्मिक गानों को भी दर्शकों का अच्छा प्यार मिला है. ‘सीयावर राम चंद्र की जय’ भी काफी पसंद किया गया. फिल्म को सिनेमाघरों में छह हफ्ते पूरे हो चुके हैं, फिर भी कमाई में बड़ी गिरावट नहीं आई है. खबर तैयार किए जाने तक फिल्म की ग्रॉस कमाई 201 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी थी.