menu-icon
India Daily

शादी के 4 साल बाद टूटा रिश्ता, कैसे तलाक के दर्द ने बाहर निकलीं हंसिका मोटवानी? नहीं देना चाहती सफाई

साउथ एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी ने सोहेल खतूरिया से तलाक पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने साफ कहा कि वह इस मुद्दे पर कभी सफाई नहीं देंगी और उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है.

babli
Edited By: Babli Rautela
शादी के 4 साल बाद टूटा रिश्ता, कैसे तलाक के दर्द ने बाहर निकलीं हंसिका मोटवानी? नहीं देना चाहती सफाई
Courtesy: Social Media

मुंबई: एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी ने आखिरकार अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने अपने तलाक को लेकर साफ कहा कि वह कभी भी इस पर सफाई नहीं देंगी. उन्होंने कहा कि लोगों को सिर्फ हेडलाइंस चाहिए थीं और उन्हें वह मिल गईं. लेकिन उनके लिए यह मुद्दा अब कोई मायने नहीं रखता.

हंसिका मोटवानी ने सोहेल खतूरिया से अलग होने के अपने फैसले को सही बताया. उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत रास्ते पर है, तो बेहतर है कि वह वहां से निकल जाए. उन्होंने साफ किया कि उन्हें अपने फैसले पर बिल्कुल भी पछतावा नहीं है और वह अपनी जिंदगी में खुश हैं.

मुश्किल दौर में परिवार बना सहारा

इस कठिन समय में हंसिका के परिवार ने उनका पूरा साथ दिया. उन्होंने बताया कि उनकी मां और भाई ने उन्हें हमेशा सपोर्ट किया और उन्हें अपने फैसले लेने की आजादी दी. उनके अनुसार, उनके परिवार ने उन्हें समझाया कि अगर वह किसी रिश्ते में सहज नहीं हैं, तो उसे आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है.

तलाक के बावजूद हंसिका मोटवानी का प्यार से विश्वास नहीं टूटा है. उन्होंने कहा कि प्यार बहुत खूबसूरत होता है और सही समय आने पर सब कुछ ठीक हो जाता है. उनका मानना है कि जिंदगी अपने आप सही दिशा दिखा देती है.

सोहेल खतूरिया और हंसिका मोटवानी की लव स्टोरी

कई सालों तक एक दूसरे को डेट करने के बाद सोहेल खतूरिया और हंसिका मोटवानी ने दिसंबर 2022 में शादी की थी. लेकिन शादी ज्यादा समय तक नहीं चल पाई और 2025 में उनके अलग होने की खबरें आने लगीं. मार्च 2026 में दोनों का तलाक हो गया. खास बात यह रही कि हंसिका ने तलाक के दौरान किसी भी तरह के गुजारा भत्ते की मांग नहीं की. तलाक के बाद हंसिका एक कानूनी विवाद में भी फंस गईं. उनकी भाभी ने उन पर और उनके भाई पर आरोप लगाए. इसके जवाब में हंसिका ने कोर्ट का रुख किया और आरोपों को गलत बताते हुए हर्जाने की मांग की.

हंसिका का मानना है कि दो लोगों के बीच जो भी होता है, वह सिर्फ उन्हीं तक सीमित रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी तीसरे व्यक्ति को इस पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है. यही वजह है कि वह अपने रिश्ते को लेकर ज्यादा खुलकर बात नहीं करना चाहतीं.