'कानूनी कार्रवाई होगी...', 'दो और दो पांच' से इंस्पायर्ड है रोहित शेट्टी की 'गोलमाल 5'? टीम ने तोड़ी चुप्पी

फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी की टीम ने स्पष्ट किया है कि उनकी आगामी फिल्म 'गोलमाल 5' 1980 की क्लासिक फिल्म 'दो और दो पांच' से प्रेरित नहीं है. अफवाहों का खंडन करते हुए उन्होंने इन दावों को खारिज किया और गलत सूचना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी.

x
Antima Pal

मुंबई: बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'गोलमाल के फैंस हमेशा नई एंट्री का इंतजार करते रहते हैं. 'गोलमाल 5' को लेकर हाल ही में कुछ ऐसी खबरें आईं, जिन्होंने सबको चौंका दिया. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रोहित शेट्टी अपनी नई फिल्म 'गोलमाल 5 में 1980 की क्लासिक फिल्म 'दो और दो पांच' (जिसमें अमिताभ बच्चन और शशि कपूर थे) की कहानी को गोलमाल स्टाइल में एडाप्ट कर रहे हैं.

'दो और दो पांच' से इंस्पायर्ड है रोहित शेट्टी की 'गोलमाल 5'?

इस खबर से फैंस काफी एक्साइटेड हुए थे, क्योंकि 'दो और दो पांच' एक मजेदार कॉमेडी है, जिसमें दो भाइयों की कहानी, गलतफहमियां और ढेर सारा ह्यूमर है. कई लोगों को लगा कि रोहित शेट्टी इसे अपने खास अंदाज में, अजय देवगन, अर्जुन कपूर, कुणाल खेमू जैसे स्टार्स के साथ रीइमेजिन कर सकते हैं. लेकिन अब रोहित शेट्टी की टीम ने इन खबरों को पूरी तरह गलत करार देते हुए सख्त बयान जारी किया है.

Golmaal 5 Team x

टीम ने कहा कि गोलमाल 5 किसी भी तरह से 'दो और दो पांच' से प्रेरित नहीं है और न ही उसकी कहानी पर आधारित है. टीम का आधिकारिक बयान कुछ इस तरह है:- 'हम कुछ ऑनलाइन और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चल रही खबरों के बारे में सख्त स्पष्टीकरण जारी करना चाहते हैं, जिसमें दावा किया जा रहा है कि गोलमाल 5 'दो और दो पांच' से प्रेरित या उस पर आधारित है. हम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि ये रिपोर्ट्स तथ्यात्मक रूप से गलत, भ्रामक और पूरी तरह असत्य हैं. हम सभी मीडिया हाउस, पोर्टल्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से अनुरोध करते हैं कि वे बिना कन्फर्मेशन के ऐसी जानकारी न फैलाएं.'

गलत खबरें जारी रहीं तो की जाएगी सख्त कानूनी कार्रवाई

टीम ने आगे कहा कि अगर ऐसी गलत खबरें जारी रहीं तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने सभी से अपील की है कि वे पत्रकारिता की जिम्मेदारी निभाएं, गलत रिपोर्ट्स को जल्द से जल्द सुधारें या हटाएं और सिर्फ वेरिफाइड जानकारी ही शेयर करें. रोहित शेट्टी की टीम ने इस बयान से साफ कर दिया है कि गोलमाल 5 पूरी तरह नई कहानी पर आधारित होगी, जैसी कि गोलमाल सीरीज की बाकी फिल्में होती हैं- ढेर सारी मस्ती, एक्शन, इमोशन और कॉमेडी. फिलहाल गोलमाल 5 की शूटिंग और स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है. 

फैंस को उम्मीद है कि जल्द ही फिल्म का ऑफिशियल अनाउंसमेंट होगा. गोलमाल सीरीज ने अब तक 'गोलमाल', 'गोलमाल रिटर्न्स', 'गोलमाल 3' और 'गोलमाल अगेन' जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा चुकी हैं. फैंस अब बस इंतजार कर रहे हैं कि रोहित शेट्टी इस बार क्या नया कमाल दिखाएंगे.