रणवीर-फरहान की पर्सनल चैट पढ़ी गई? Don 3 झगड़े पर FWICE के अशोक पंडित ने किया बड़ा खुलासा
अशोक पंडित ने बताया कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक फेडरेशन के पास आधिकारिक शिकायत लेकर पहुंचे थे. उनके मुताबिक फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे.
Don 3 Dispute: FWICE और अभिनेता रणवीर सिंह के बीच 'डॉन 3' को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है. इस मामले में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के मुख्य सलाहकार और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने बड़ा दावा किया है.
Don 3 झगड़े पर FWICE के अशोक पंडित ने का खुलासा
उनका कहना है कि 'डॉन 3' से जुड़े विवाद की जांच के दौरान कई अहम दस्तावेजों के साथ-साथ रणवीर सिंह और फिल्ममेकर फरहान अख्तर के बीच हुई व्हाट्सऐप बातचीत की भी समीक्षा की गई थी.
प्री-प्रोडक्शन में हुए करीब 45 करोड़ खर्च
एक इंटरव्यू में अशोक पंडित ने बताया कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक फेडरेशन के पास आधिकारिक शिकायत लेकर पहुंचे थे. उनके मुताबिक फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे. शिकायत के साथ खर्च का पूरा ब्यौरा, साइनिंग अमाउंट से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात भी जमा कराए गए थे.
Also Read
अशोक पंडित ने कहा कि बड़े बजट की फिल्मों में इस तरह का खर्च असामान्य नहीं होता. यदि किसी फिल्म का कुल बजट लगभग 300 करोड़ रुपये हो, तो प्री-प्रोडक्शन पर 45 करोड़ रुपये खर्च होना सामान्य बात है. उन्होंने दावा किया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने में महज तीन हफ्ते बाकी थे, तभी अचानक प्रोजेक्ट से अलग होने का फैसला लिया गया, जिससे पूरी टीम को बड़ा झटका लगा.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि FWICE ने एकतरफा फैसला नहीं लिया. फेडरेशन की तय प्रक्रिया के तहत दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया. पंडित के अनुसार रणवीर सिंह की ओर से जवाब जानने के लिए एक नहीं बल्कि तीन बार पत्र भेजे गए. हालांकि उनकी तरफ से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली.
अशोक पंडित ने बताया कि बाद में जो जवाब आया, उसमें केवल यह सवाल उठाया गया था कि क्या इस मामले में फेडरेशन को हस्तक्षेप करने का अधिकार है. उनका कहना है कि सभी उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की समीक्षा करने के बाद ही गैर-सहयोग का फैसला लिया गया.
हालांकि रणवीर सिंह या उनकी टीम की ओर से अभी तक इन दावों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में 'डॉन 3' विवाद को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बनी हुई है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि अभिनेता इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी कब तोड़ते हैं.