West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'सलमान खान को जान से मारने के लिए हुई थी फायरिंग', गैलेक्सी अपार्टमेंट गोलीबारी कांड में एक्टर के बॉडीगार्ड ने कोर्ट को बताया

मुंबई की अदालत में सुपरस्टार सलमान खान के बॉडीगार्ड ने एक गवाही देते हुए कहा कि गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग में सलमान को मारने की साजिश रची गई थी.

X
Ashutosh Rai

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग ने पूरे बॉलीवुड को चौंका दिया था. बॉलीवुड के भाईजान पर हमला करना, पूरी इंडस्ट्री के लिए चुनौती थी. इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ बताया जाता है. अब इसको लेकर अदालत में पिछले महीने शुरू हुई सुनवाई के बाद गवाह के तौर पर सलमान के बॉडीगार्ड के बयान ने सबको डरा दिया है.

बदमाशों ने चलाई थी गोलियां

सलमान के बॉडीगार्ड ने बताया कि 14 अप्रैल को गैलेक्सी अपार्टमेंट पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने जो गोलियां चलाई थी. उसका सीधा मकसद सलमान खान की जान लेना था. बता दें कि लॉरेंस की धमकियों के कारण उनकी सुरक्षा कड़ी थी.

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

बॉडीगार्ड ने अदालत में उस रात का पूरा मंजा बयान किया. उसने जज को बताया कि वह 13 अप्रैल की शाम सात बजे अपनी नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर आया था. सुबह करीब चार बजे अचानक बाहर से पटाखों जैसी जोरदार आवाजें सुनाई दीं. सीसीटीवी स्क्रीन पर देखने से साफ पता चला कि हेलमेट पहने दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर गैलेक्सी बिल्डिंग की तरफ लगातार गोलियां बरसा रहे थे. हमलावरों ने करीब चार-पांच राउंड फायरिंग की. फिर वह वहां से तेजी से भाग गए. इस समय सलमान खान अपने बेडरूम में सो रहे थे.

अदालत में पेश हुए सबूत

सरकारी वकील ने अदालत में सीसीटीवी फुटेज प्रमुख सबूत के तौर पर पेश किया. इस वीडियो फुटेज में एक मोटरसाइकिल गेट के सामने से तेजी से गुजरती हुई साफ दिखाई दी. बॉडीगार्ड ने बताया कि जब गोलियां चलीं, तो सभी गार्ड तुरंत बाहर दौड़े. शूटर महबूब स्टूडियो रोड की फरार हो गए. उसने कहा कि उसे धमकियों की कोई भी जानकारी नहीं थी.

अनमोल बिश्नोई को भेजी जानकारी

अदालत की कार्यवाही में एक पुलिस गार्ड ने भी गवाही देते हुए बताया कि उसने घटना के समय सिर्फ जमीन पर गिरे गोलियों के खोखे देखे थे.  गैलेक्सी पर अंधाधुंध गोलियां चलाने वाले दोनों खूंखार बदमाशों की पहचान विक्की गुप्ता और सागर पाल के रूप में हुई है. हमले से ठीक दो दिन पहले रफीक चौधरी नाम के एक आरोपी ने अपार्टमेंट की पूरी रेकी की थी और वहां का वीडियो बनाकर अनमोल बिश्नोई को पूरी जानकारी भेज दी थी.

न्यायिक हिरासत में मास्टरमाइंड

पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर विक्की और सागर पाल के साथ अन्य आरोपियों को दबोचा है. सोनूकुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक और हरपाल सिंह भी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं. एक आरोपी अनुजकुमार ने पुलिस हिरासत में ही आत्महत्या कर ली थी. अब जांच एजेंसियां जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके फरार भाई अनमोल बिश्नोई को इस मामले में वांछित आरोपी मान रही हैं.