मुंबई: टेलीविजन एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ हाल ही में पेट के सिस्ट की सर्जरी के बाद घर लौट आई हैं. 23 फरवरी को हुई इस सर्जरी के बाद वह अब रिकवरी फेज में हैं. अपने व्लॉग के जरिए उन्होंने फैंस को अपनी सेहत के बारे में विस्तार से जानकारी दी है. दीपिका ने बताया कि सर्जरी का पूरा प्रोसेस सही तरीके से हुआ और तीन दिन बाद वह घर लौट आईं. हालांकि उन्होंने माना कि यह अनुभव उनके लिए भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण था.
उन्होंने कहा कि सब कुछ अचानक हुआ. जांच के बाद डॉक्टर ने तुरंत एडमिट होने की सलाह दी. इसी दौरान उनकी एनिवर्सरी भी थी, जिससे भावनाएं और भी जुड़ गईं.
दीपिका ने खुलासा किया कि इस बार वह प्रोसेजर से पहले काफी घबरा गई थीं और रो भी पड़ी थीं. डॉक्टरों ने उन्हें शांत कराया. उन्होंने बताया कि इस बार प्रोसेजर ऑपरेशन थिएटर में नहीं बल्कि सीटी रूम में हुआ. यह आरएफए नाम की प्रक्रिया थी जिसमें सिस्ट को जलाकर खत्म किया गया. उन्होंने कहा कि सिस्ट छोटा था इसलिए यह तरीका संभव हो पाया. अगर सिस्ट बड़ा होता तो प्रक्रिया ज्यादा जटिल हो सकती थी.
दीपिका ने कहा कि जहां प्रोसेजर हुआ था वहां अभी भी दर्द महसूस होता है. खासकर हिलने पर खिंचाव जैसा दर्द होता है. होश में आने के बाद उन्हें काफी तकलीफ हुई थी. उन्होंने बताया कि जब वह वार्ड में लौटीं और फैंस के कमेंट्स पढ़े तो भावुक हो गईं. लोगों की दुआओं और संदेशों से उन्हें मानसिक ताकत मिली. उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया.
उनके पति शोएब इब्राहिम ने भी पहले हेल्थ अपडेट देते हुए बताया था कि सर्जरी सफल रही, लेकिन दीपिका को काफी दर्द सहना पड़ा. इस मुश्किल समय में परिवार का साथ उनके लिए बड़ी ताकत बना. दीपिका पिछले कुछ महीनों से स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं. जून 2025 में उन्होंने ट्यूमर हटाने की सर्जरी करवाई थी. लगातार इलाज और हिम्मत के साथ वह इस दौर से गुजर रही हैं.