हुबली: Ranji Trophy Final: रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर इतिहास रचने की तरफ है. लेकिन उसके तेज गेंदबाज आकिब नबी ने जीत से पहले ही वो कारनामा कर दिखाया है जो रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में जम्मू-कश्मीर की तरफ से कोई और गेंदबाज नहीं कर पाया. उन्होंने फाइनल मे कर्नाटक की पहली पारी में पांच विकेट झटके.
इसके साथ ही वो इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के 2025-26 के सीजन में 60 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. इस सीजन में ये उनका सातवां विकेट हॉल था. अपने रणजी करियर में आकिब 15 बार ये कारनामा कर चुके हैं. कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में आकिब ने 54 रन देकर पांच विकेट झटके.
आकिब ने फाइनल में कर्नाटक के कप्तान केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर, आर स्मरण और शिखर शेट्टी को आउट किया. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर के 584 रनों के मुकाबले कर्नाटक पहली पारी में 293 रनों पर ऑलआउट हो गई. कर्नाटक की तरफ से मयंक अग्रवाल की टिक कर खेल सके और उन्होंने 160 रन बनाए.
Five-wicket haul ✅
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) February 27, 2026
6️⃣0️⃣ wickets in the season ✅
🎥 The delivery that sealed yet another fifer for Auqib Nabi and made him the leading wicket-taker of the #RanjiTrophy 2025-26 season 🫡
Updates ▶️ https://t.co/G0ytZLEyNB@IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/BrkJfWXhTN
आकिब नबी रणजी ट्रॉफी के 92 साल के इतिहास में एक सीजन में 60 विकेट लेने वाले तीसरे पेसर बन गए है. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में उन्होंने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 12 और 9 विकेट झटके थे. फाइनल में पहली पारी में पांच विकेट लेने के साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के मयंक मिश्रा को पीछे छोड़ दिया. उन्होंने 8 मैचों में 59 विकेट लिए थे. सेमीफाइनल में उत्तराखंड को हराकर कर्नाटक ने 11 साल बाद रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई थी.
आकिब नबी से पहले जयदेव उनादकट और डोडा गणेश रणजी ट्रॉफी के एक सीजन में 60 विकेट ले चुके हैं. आकिब की बात करें तो उन्होंने रणजी के मौजूदा सीजन में 10 मैचों में 60 विकेट लिए हैं. खबर लिखे जाने तक जम्मू- कश्मीर ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 35 रन बना लिए हैं. इस ससय जम्मू-कश्मीर 326 रन से आगे है.