मुंबई: फरहान अख्तर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘दिल चाहता है’ को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं. इस खास मौके पर फिल्म से जुड़े कलाकार और निर्देशक एक साथ आए और उन्होंने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कई पुराने किस्से याद किए. इसी दौरान एक ऐसा किस्सा सामने आया, जिसे सुनकर शायद आपको यकीन करना मुश्किल हो.
फरहान अख्तर और आमिर खान ने फिल्म के एक खास सीन की शूटिंग का अनुभव साझा किया. इस सीन में अक्षय खन्ना के किरदार को आमिर खान के किरदार को थप्पड़ मारना था. दिलचस्प बात यह है कि आमिर ने इस सीन में असली थप्पड़ खाने के लिए हामी भरी थी.
युवा के साथ हुई बातचीत में आमिर खान ने उस सीन को याद किया. उन्होंने बताया कि अक्षय खन्ना को उन्हें करीब 17 बार थप्पड़ मारना पड़ा था. इस बात पर सैफ अली खान ने हैरानी जताई और आमिर से पूछा कि क्या वे थप्पड़ वास्तव में असली थे. इस पर फरहान अख्तर ने किस्सा बताते हुए कहा कि आमिर ने खुद अक्षय से उन्हें जोर से थप्पड़ मारने के लिए कहा था. फरहान के मुताबिक, उन्होंने आमिर को पहले ही बता दिया था कि अक्षय उन्हें सच में थप्पड़ मारेंगे. आमिर ने इसके लिए हामी भर दी.
फरहान ने यह भी बताया कि उन्होंने अक्षय को सीन के दौरान थप्पड़ मारने की टाइमिंग को लेकर खास निर्देश दिए थे, ताकि दर्शकों को सीन में अचानक होने वाले थप्पड़ का असर ज्यादा महसूस हो.
फरहान अख्तर के मुताबिक, आमिर का मानना था कि असली थप्पड़ खाने से वह उस सीन के लिए जरूरी मानसिक स्थिति में बेहतर तरीके से पहुंच पाएंगे. इसलिए उन्होंने बार-बार थप्पड़ खाने पर भी आपत्ति नहीं जताई. शूटिंग आगे बढ़ती रही और आखिरकार कई टेक के बाद सीन पूरा हुआ. लेकिन इसका असर आमिर के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था.
फरहान अख्तर ने बताया कि सीन पूरा करते-करते आमिर खान के चेहरे पर थप्पड़ों के निशान पड़ गए थे और चेहरे का एक हिस्सा सूज गया था. यानी कैमरे पर कुछ सेकेंड का दिखने वाला यह सीन तैयार करने में कलाकारों को काफी कुछ सहना पड़ा. आमिर ने भी इस अनुभव को फिल्म के सीन की जरूरत से जोड़कर देखा. उनके मुताबिक, उस समय असली थप्पड़ सीन की भावनात्मक तीव्रता को बेहतर तरीके से सामने लाने में मदद कर रहे थे.
‘दिल चाहता है’ के सेट से जुड़ा यह अकेला थप्पड़ वाला किस्सा नहीं है. फिल्म में सैफ अली खान की ऑन-स्क्रीन गर्लफ्रेंड का किरदार निभाने वाली सुचित्रा पिल्लई ने भी शूटिंग के दौरान ऐसा ही अनुभव साझा किया था. सुचित्रा ने बताया कि एक सीन में उन्हें सैफ अली खान को थप्पड़ मारना था. वह इस बात को लेकर झिझक रही थीं कि आखिर वह सैफ को सच में कैसे थप्पड़ मारेंगी. जब उन्होंने फरहान अख्तर से इस बारे में पूछा, तो उन्हें सीन करने के लिए आगे बढ़ने को कहा गया.