'काला अभिनेता नहीं चाहिए...' रंग की वजह से शूट से तीन दिन पहले निकाला गया एक्टर, बॉलीवुड पर लगाए बड़े आरोप

एक्टर दिव्येंदु भट्टाचार्य ने बॉलीवुड में रेसिज्म को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया कि एक ऐड शूट से सिर्फ 3 दिन पहले उन्हें उनके रंग की वजह से बदल दिया गया था.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: दिव्येंदु भट्टाचार्य ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है जिसने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है. फिल्मों और वेब सीरीज में अपने काम के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर ने दावा किया कि उन्हें एक ऐड से सिर्फ इसलिए बाहर कर दिया गया क्योंकि वह सांवले हैं. हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू में एक्टर ने बताया कि शूट शुरू होने से 3 दिन पहले उन्हें यह कहकर रिप्लेस कर दिया गया कि मेकर्स को काला एक्टर नहीं चाहिए.

दिव्येंदु भट्टाचार्य ने बताया कि ऐड को लेकर कई दिनों से बातचीत चल रही थी और लगभग सब कुछ तय हो चुका था. लेकिन शूट शुरू होने से कुछ दिन पहले जब उन्होंने टीम से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि उनकी जगह किसी और को ले लिया गया है. एक्टर के मुताबिक, जब उन्होंने वजह पूछी तो उन्हें साफ शब्दों में कहा गया कि आपको इसलिए बदला गया क्योंकि आप काले हैं और हमें काला एक्टर नहीं चाहिए.

शूट से तीन दिन पहले शूट से निकाले गए एक्टर

दिव्येंदु ने साफ कहा कि इससे उनके आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने कहा कि वह अपने व्यक्तित्व और पहचान को लेकर पूरी तरह सहज हैं. उन्होंने कहा कि यह दुख की बात जरूर है, लेकिन समाज में बदलाव तभी आएगा जब बचपन से लोगों को शिक्षा दी जाएगी. एक्टर ने इस मुद्दे को सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री तक सीमित नहीं बताया, बल्कि इसे समाज की सोच से जुड़ी समस्या कहा.

इंटरव्यू के दौरान दिव्येंदु भट्टाचार्य ने बॉलीवुड में इस्तेमाल होने वाले कैरेक्टर एक्टर शब्द पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उनके जैसे कलाकारों को अक्सर कैरेक्टर एक्टर कहा जाता है, जबकि अहम किरदार निभाने वाले कलाकारों को इस तरह के टैग नहीं दिए जाते. दिव्येंदु का मानना है कि हर एक्टर किसी न किसी किरदार को निभा रहा होता है, इसलिए इस तरह की अलग श्रेणी बनाना सही नहीं है.

लंबे समय से इंडस्ट्री का हिस्सा हैं दिव्येंदु

दिव्येंदु भट्टाचार्य पिछले दो दशकों से फिल्मों में काम कर रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मानसून वेडिंग में छोटे रोल से की थी. बाद में अनुराग कश्यप की फिल्म Dev D में चुन्नी बाबू के किरदार ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई. इसके बाद उन्होंने फिल्मों, वेब सीरीज और बंगाली सिनेमा में कई यादगार किरदार निभाए हैं. अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से वह इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित सहायक कलाकारों में गिने जाते हैं.

दिव्येंदु के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर रंगभेद और कास्टिंग को लेकर बहस तेज हो गई है. कई यूजर्स ने एक्टर के समर्थन में पोस्ट लिखे हैं और कहा है कि आज भी इंडस्ट्री में रंग और लुक्स को लेकर भेदभाव मौजूद है.