उज्जैन में महाकाल के दरबार पहुंचीं 'धुरंधर 2' फेम सारा अर्जुन, भस्म आरती में डूबी; सामने आया वीडियो
सारा अपने पिता राज अर्जुन और मां सान्या के साथ सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं. यह उनकी पहली उज्जैन यात्रा थी. उन्होंने भगवान महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में दो घंटे तक पूरे समर्पण से हिस्सा लिया. आरती के दौरान वे 'जय महाकाल' का जाप करती रहीं और भक्ति भाव से प्रार्थना करती दिखीं.
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अर्जुन इन दिनों फिल्म 'धुरंधर 2' की जबरदस्त सफलता का जश्न मना रही हैं. फिल्म हिंदी में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. इस खुशी के मौके पर सारा शनिवार सुबह अपनी मां के जन्मदिन पर आशीर्वाद लेने उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं.
सारा अपने पिता राज अर्जुन और मां सान्या के साथ सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं. यह उनकी पहली उज्जैन यात्रा थी. उन्होंने भगवान महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में दो घंटे तक पूरे समर्पण से हिस्सा लिया. आरती के दौरान वे 'जय महाकाल' का जाप करती रहीं और भक्ति भाव से प्रार्थना करती दिखीं.
आरती के बाद सारा ने पारंपरिक रिवाज के मुताबिक नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना फुसफुसाई. इसके बाद गर्भगृह की दहलीज से भगवान महाकाल को जल अर्पित किया. मंदिर प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सम्मानित भी किया.
दर्शन के बाद सारा ने भावुक होकर कहा- 'महाकाल के दर्शन के बाद जो शांति और खुशी मिली है, उससे बेहतर एहसास कोई नहीं हो सकता. मैंने कोई खास मांग नहीं की, बस सबके अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सफलता की प्रार्थना की.' उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी तारीफ की.
सारा ने बताया कि उनकी मां का जन्मदिन है, इसलिए परिवार के साथ यह खास यात्रा की गई. फिल्म की सफलता के बाद महाकाल के दरबार में आना उनके लिए बहुत खास पल था. उन्होंने आगे की फिल्मों के बारे में पूछे जाने पर मुस्कुराते हुए कहा कि सब कुछ महाकाल पर छोड़ दिया है. सारा अर्जुन की इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. फैंस उनकी भक्ति देखकर काफी प्रभावित हैं.
'धुरंधर 2' में सारा ने अपनी भूमिका से खूब वाहवाही बटोरी है. फिल्म की सफलता के बाद यह मंदिर यात्रा उनके करियर की नई शुरुआत जैसी लग रही है. अभिनेत्री अब अगली फिल्म की तैयारियों में जुटी हुई हैं, लेकिन फिलहाल वह परिवार के साथ इस पावन पल का आनंद ले रही हैं. उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती दुनिया भर में प्रसिद्ध है. हर रोज सुबह हजारों श्रद्धालु इसे देखने पहुंचते हैं.