नहीं थम रहा 'धुरंधर 2' का क्रेज, बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास; बनी बॉलीवुड की सबसे बड़ी ग्लोबल हिट

रणवीर सिंह की धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. फिल्म ने 13वें दिन 1400 करोड़ का आंकड़ा पार कर बॉलीवुड की सबसे बड़ी ग्लोबल फिल्म बनने का रिकॉर्ड बना लिया है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. रिलीज के 13वें दिन भी फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है.  दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बावजूद फिल्म की रफ्तार कम नहीं हुई है. मंगलवार को फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 27 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जो सोमवार से लगभग 10 प्रतिशत ज्यादा है.

इस शानदार प्रदर्शन के साथ फिल्म ने भारत में 899 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और करीब 1085 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हासिल कर लिया है. बुधवार तक यह आंकड़ा 900 करोड़ के पार भी पहुंच चुका है.

दुनिया भर में 1400 करोड़ का बड़ा रिकॉर्ड

आदित्य धर की डायरेक्टेड इस स्पाई थ्रिलर ने अब दुनिया भर में 1435 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि चीन के बाजार को छोड़कर किसी भी बॉलीवुड फिल्म ने पहले कभी यह आंकड़ा पार नहीं किया था. इससे पहले आमिर खान की फिल्म दंगल ने 1400 करोड़ से ज्यादा कमाए थे, लेकिन उसमें चीन से भारी कमाई का बड़ा योगदान था. धुरंधर 2 ने बिना चीन रिलीज के ही यह मुकाम हासिल कर नया इतिहास रच दिया है.

पहले हफ्ते से ही तोड़े रिकॉर्ड

फिल्म ने रिलीज के पहले ही हफ्ते में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. ओपनिंग वीकेंड में इसने बॉक्स ऑफिस के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. पहले तीन दिनों में ही फिल्म ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर यह साबित कर दिया था कि यह एक ब्लॉकबस्टर बनने जा रही है. दूसरे वीकेंड में भी फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 170 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा मानी जा रही है.

धुरंधर 2 का जादू सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. विदेशों में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है. फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में 7 मिलियन डॉलर की ओपनिंग ली और पहले वीकेंड में 22 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली. अब तक फिल्म का विदेशी कलेक्शन 38.4 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है. मंगलवार को ही फिल्म ने करीब 1 मिलियन डॉलर की कमाई और जोड़ी. उत्तरी अमेरिका समेत कई देशों में यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है. इसने बाहुबली 2 का 9 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है.