IPL 2026

वीकडे पर भी जमकर नोट छाप रही 'धुरंधर 2', रणवीर सिंह की फिल्म ने पांचवें दिन ही ली 800 करोड़ क्लब में एंट्री

10 अप्रैल तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं होने से धुरंधर 2 का सफर और मजबूत रह सकता है. अगर वीकडे में भी यह ट्रेंड जारी रहा तो फिल्म आसानी से 1000 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है. पहले ही यह रणवीर सिंह की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शुमार हो गई है.

x
Antima Pal

मुंबई: रणवीर सिंह की एक्शन से भरी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला रही है. आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने रिलीज के महज पांच दिनों में ही दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. वीकेंड के बाद पहले सोमवार को कलेक्शन में कुछ गिरावट आई, लेकिन फिर भी फिल्म ने शानदार कलेक्शन किया है. यह अब तक के सबसे तेज ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक बन गई है.

ओपनिंग डे पर ही 100 करोड़ पार कर गई थी धुरंधर: द रिवेंज

फिल्म 19 मार्च 2026 को गुढ़ी पाड़वा, उगादी और ईद के मौके पर रिलीज हुई थी. पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये का धमाकेदार ओपनिंग की थी. दूसरे दिन शुक्रवार को 80.72 करोड़ रुपये की कमाई हुई. फिर वीकेंड में जोरदार उछाल देखने को मिला. शनिवार को 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा. वीकेंड के इन आंकड़ों ने फिल्म को मजबूत आधार दिया.

पांचवें दिन फिल्म ने किया इतना कलेक्शन

पहले सोमवार को वीकडे होने के बावजूद फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार दिन 5 पर फिल्म ने भारत में लगभग 65 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया. यह वीकेंड के मुकाबले में गिरावट है, लेकिन रिपोर्ट्स  के हिसाब से यह आंकड़ा काफी ठोस माना जा रहा है. कुल मिलाकर पांच दिनों में भारत में नेट कलेक्शन 519.12 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि भारत ग्रॉस 619.76 करोड़ रुपये हो चुका है.

वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन हुआ 829.76 करोड़

ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म का जलवा बरकरार है. विदेशों से अब तक 210 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है. इस तरह कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 829.76 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. सिर्फ पांच दिनों में यह आंकड़ा कई पुरानी हिट फिल्मों को पीछे छोड़ देता है. 

रणवीर सिंह इस फिल्म में हमजा अली माजरी/जस्कीरत सिंह रंगी के रोल में कमाल कर रहे हैं. उनका एक्शन, इमोशंस और स्वैग दर्शकों को खूब भा रहा है. फिल्म में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, राकेश बेदी और अन्य कलाकार भी शानदार परफॉर्मेंस दे रहे हैं. निर्देशक आदित्य धर ने एक्शन सीक्वेंस को खूबसूरती से पेश किया है, जो थिएटर में दर्शकों को रोमांचित कर रहा है.

फिल्म की कहानी पिछले पार्ट का कनेक्शन रखते हुए आगे बढ़ती है. यह जासूसी और बदले की थीम पर आधारित है, जिसमें देशभक्ति और हाई-ऑक्टेन एक्शन का मिश्रण है. दर्शक इसे 'रणवीर का तूफान' बता रहे हैं. कई सेलिब्रिटी और आलोचक भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं. सोशल मीडिया पर फैंस इसे केजीएफ 2 और एनिमल जैसी फिल्मों से आगे बता रहे हैं. धुरंधर 2 न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है, बल्कि दर्शकों को थिएटर का पूरा मजा दे रही है. बड़े पर्दे पर एक्शन देखने का अनुभव लाजवाब है.