US Israel Iran War

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 ने भरी हुंकार, रणवीर सिंह की फिल्म ने 17 दिनों में किया छप्परफाड़ कलेक्शन, इन फिल्मों को चटाई धूल

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार इतिहास रच रही है. 17वें दिन फिल्म ने जबरदस्त उछाल के साथ 985 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और अब यह 1000 करोड़ क्लब में एंट्री के बेहद करीब है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों अगर किसी फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, तो वह है धुरंधर 2. रणवीर सिंह और आदित्य धर की इस मेगा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा जलवा दिखाया है कि हर दिन नए रिकॉर्ड बनते नजर आ रहे हैं. फिल्म अपने तीसरे हफ्ते में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है और अब 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने से बस एक कदम दूर है.

ताजा आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने अपने 17वें दिन यानी तीसरे शनिवार को 25.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. यह कमाई शुक्रवार के मुकाबले करीब 19 प्रतिशत ज्यादा है, जिससे साफ है कि वीकेंड का फायदा फिल्म को जबरदस्त तरीके से मिला है. अब तक फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन 985.02 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 1179 करोड़ से भी ज्यादा हो चुका है.

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी दबदबा

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में भी इस फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1564 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. अगर फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म को भी जोड़ दिया जाए, तो यह आंकड़ा 2871 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. यह किसी भी हिंदी फिल्म फ्रैंचाइजी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

अलग अलग भाषाओं में की धांसू कमाई

फिल्म का सबसे ज्यादा योगदान हिंदी वर्जन से आया है. तीसरे शनिवार को हिंदी में फिल्म ने 24.25 करोड़ रुपये की कमाई की. दूसरी भाषाओं में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया है. तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में भी फिल्म को दर्शकों का प्यार मिल रहा है, हालांकि कमाई का बड़ा हिस्सा हिंदी से ही आ रहा है. यह दिखाता है कि फिल्म का कनेक्शन सीधे हिंदी बेल्ट के दर्शकों से जुड़ा हुआ है.

धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. इनमें आरआरआर, कल्कि 2898 ई., केजीएफ चैप्टर 2, स्त्री 2, एनिमल, पठान और जवान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं. हालांकि अभी भी इसे बाहुबली 2: द कंक्लूजन और पुष्पा 2: द रूल के रिकॉर्ड को तोड़ना बाकी है.