IPL 2026

18 साल की उम्र में B-ग्रेड फिल्मों में काम करने लगी थीं ‘सीता’! कैसे बदली दीपिका चिखलिया की किस्मत

दीपिका चिखलिया का सफर संघर्ष और बदलाव से भरा रहा है. बी ग्रेड फिल्मों से शुरुआत करने वाली यह एक्ट्रेस रामायण में सीता बनकर घर घर में पूजी जाने लगीं थी. एक्ट्रेस के जन्मदिन पर आइए जानते हैं पूरी कहानी.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: हर सफलता के पीछे एक ऐसी कहानी होती है, जिसे सुनकर हैरानी भी होती है और प्रेरणा भी मिलती है. दीपिका चिखलिया की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. आज उन्हें लोग माता सीता के रूप में याद करते हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब वह बी ग्रेड फिल्मों में काम करने को मजबूर थीं. फिर एक ऐसा मौका आया जिसने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी.

दीपिका चिखलिया का जन्म 29 अप्रैल 1965 को मुंबई में हुआ था. उन्होंने महज 18 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था. शुरुआत में उन्होंने कई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में काम किया, लेकिन उन्हें वह सफलता नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी. लगातार फ्लॉप फिल्मों ने उनके करियर को मुश्किल में डाल दिया.

जब मजबूरी में करनी पड़ी बी ग्रेड फिल्में

सफलता न मिलने की वजह से दीपिका को बी ग्रेड फिल्मों का रुख करना पड़ा. उस समय यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन उनके पास ज्यादा विकल्प भी नहीं थे. कम उम्र में लिए गए इस फैसले की वजह से उन्हें आलोचना और विवादों का सामना भी करना पड़ा. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने काम को जारी रखा.

फिर उनकी जिंदगी में आया सबसे बड़ा मोड़. रामायण के लिए ऑडिशन के दौरान उनकी एक्टिंग ने सबका दिल जीत लिया. मशहूर डायरेक्टर रामानंद सागर ने उन्हें माता सीता के किरदार के लिए चुन लिया. यह रोल उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

‘सीता’ के रोल से घर-घर बनाई पहचान

रामायण के प्रसारण के बाद दीपिका चिखलिया को इतनी लोकप्रियता मिली कि लोग उन्हें असल जिंदगी में भी सीता मानने लगे. उनकी छवि इतनी मजबूत हो गई कि आज भी लोग उन्हें उसी रूप में देखते हैं. यह किसी भी कलाकार के लिए बड़ी उपलब्धि होती है. रामायण के बाद दीपिका ने एक फिल्म में आतंकवादी की पत्नी का किरदार निभाया. इस रोल के कारण उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा. लोग उन्हें उस किरदार में स्वीकार नहीं कर पाए, क्योंकि उनके मन में उनकी छवि सीता के रूप में बस चुकी थी.

आज सोशल मीडिया के दौर में भी दीपिका चिखलिया को उसी नजर से देखा जाता है. जब भी वह वेस्टर्न आउटफिट में तस्वीरें या वीडियो शेयर करती हैं, तो उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है. यह दिखाता है कि उनका सीता वाला किरदार लोगों के दिलों में कितना गहराई से बसा हुआ है.