IPL 2026

'डकैत' 6 दिन बाद भी नहीं वसूल पाई आधा बजट, फ्लॉप होने की कगार पर मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष की फिल्म

फिल्म 'डकैत : एक प्रेम कथा' 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. शुरुआती दिनों में फिल्म ने अच्छी शुरुआत की. पहले दिन इसने लगभग 6.55 करोड़ रुपये कमाए. दूसरे दिन कमाई थोड़ी बढ़कर 6.85 करोड़ रुपये हो गई. तीसरे दिन यानी रविवार को 6.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा. इस तरह वीकेंड में फिल्म ने ठीक-ठाक बिजनेस किया, लेकिन वीकडे शुरू होते ही रफ्तार सुस्त पड़ गई.

x
Antima Pal

मुंबई: 'डकैत' फिल्म बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है. मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष की यह तेलुगु फिल्म रिलीज के छह दिन बाद भी दर्शकों का पूरा ध्यान नहीं खींच पाई है. बड़े बजट वाली इस फिल्म की कमाई धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है, जिससे निर्माताओं की चिंता बढ़ गई है.

'डकैत' 6 दिन बाद भी नहीं वसूल पाई आधा बजट

फिल्म 'डकैत : एक प्रेम कथा' 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. शुरुआती दिनों में फिल्म ने अच्छी शुरुआत की. पहले दिन इसने लगभग 6.55 करोड़ रुपये कमाए. दूसरे दिन कमाई थोड़ी बढ़कर 6.85 करोड़ रुपये हो गई. तीसरे दिन यानी रविवार को 6.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा. इस तरह वीकेंड में फिल्म ने ठीक-ठाक बिजनेस किया, लेकिन वीकडे शुरू होते ही रफ्तार सुस्त पड़ गई.

फ्लॉप होने की कगार पर मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष की फिल्म

चौथे दिन यानी पहले सोमवार को फिल्म का कलेक्शन काफी गिरकर 2.70 करोड़ रुपये रह गया. पांचवें दिन मामूली सुधार देखने को मिला और फिल्म ने 3 करोड़ रुपये कमाए. हालांकि छठे दिन यानी बुधवार को फिर से गिरावट दर्ज की गई. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने छठे दिन केवल 1.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया. 

छह दिनों के कुल कलेक्शन की बात करें तो 'डकैत' ने भारत में अब तक लगभग 27.05 करोड़ रुपये कमाए हैं. शुरुआती तीन दिनों में अच्छी कमाई के बावजूद बाद के दिनों में औसत प्रदर्शन रहा. फिल्म की स्क्रीनिंग संख्या भी घटती जा रही है, जिससे आगे और मुश्किलें बढ़ सकती हैं. 

फिल्म का बजट करीब 70 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इतने बड़े बजट वाली फिल्म को हिट होने के लिए कम से कम इतनी ही रकम वसूल करनी पड़ती है, लेकिन रिलीज के छह दिन बाद भी यह आधा बजट भी पूरा नहीं कर पाई है. ऐसे में फिल्म पर फ्लॉप का साया मंडरा रहा है. दर्शकों की राय भी मिली-जुली है. कुछ लोगों को फिल्म की कहानी और एक्टिंग पसंद आई, लेकिन कई ने इसे औसत से ज्यादा कुछ नहीं बताया. 

मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष की जोड़ी पर भरोसा था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह जादू नहीं चला. इसके अलावा रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' अभी भी सिनेमाघरों में दबदबा बनाए हुए है. मजबूत कहानी और बड़े एक्शन सीक्वेंस की वजह से 'धुरंधर 2' दर्शकों को ज्यादा आकर्षित कर रही है. इसी वजह से 'डकैत' को मुकाबले में नुकसान उठाना पड़ रहा है. फिल्म के निर्देशक शनैल डियो हैं. इसमें एक्शन, रोमांस और थ्रिलर का मिश्रण है. कहानी एक कैदी की है, जो अपने अतीत और प्रेम की वजह से बदला लेने की कोशिश करता है.

फिल्म में प्रकाश राज, अनुराग कश्यप और अन्य कलाकार भी अहम भूमिका में हैं. अब देखना होगा कि वीकेंड आने पर 'डकैत' अपनी रफ्तार सुधार पाती है या नहीं. अगर अगले दिनों में कमाई नहीं बढ़ी तो फिल्म को बड़ा नुकसान हो सकता है. फिलहाल दर्शक और फिल्म प्रेमी उम्मीद लगाए हुए हैं कि फिल्म कुछ और अच्छे कलेक्शन कर सके.