धीमी हुई डकैत की रफ्तार, 'धुरंधर 2' के तूफान में बुरी तरह घिरी अदिवी सेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म

अदिवी सेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म डकैत फिल्म ने पांचवें दिन हल्की बढ़त दिखाई है, लेकिन कुल कलेक्शन अब भी औसत बना हुआ है. बड़े बजट के मुकाबले फिल्म की कमाई चिंता बढ़ा रही है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: डकैत ने बॉक्स ऑफिस पर पांचवें दिन यानी मंगलवार को थोड़ी राहत जरूर दी है. फिल्म ने इस दिन करीब 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसके आंकड़ों में हल्की बढ़त दर्ज की गई. हालांकि यह बढ़त उम्मीद के मुताबिक बड़ी नहीं है, लेकिन लगातार गिरते कलेक्शन के बीच इसे सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. फिल्म का अब तक का कुल नेट कलेक्शन भारत में लगभग 25.50 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन करीब 29.69 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है. विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन बहुत मजबूत नहीं रहा है. 

पांचवें दिन विदेशी बाजार से करीब 75 लाख रुपये की कमाई हुई, जिसके बाद कुल विदेशी ग्रॉस 12 करोड़ रुपये हो गया. इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 41.69 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है. लेकिन 80 से 100 करोड़ के बजट के हिसाब से ये आंकड़े काफी कम माने जा रहे हैं.

दिनवार कलेक्शन पर एक नजर

फिल्म के पहले पांच दिनों के कलेक्शन से साफ है कि शुरुआत ठीक रही लेकिन बाद में रफ्तार गिर गई. पहले दिन फिल्म ने 6.55 करोड़ कमाए. दूसरे दिन 6.85 करोड़ और तीसरे दिन 6.40 करोड़ का कलेक्शन हुआ. वीकेंड तक फिल्म ने औसत प्रदर्शन किया. चौथे दिन यानी सोमवार को गिरावट आई और कमाई 2.70 करोड़ रह गई. पांचवें दिन 3 करोड़ के साथ हल्की रिकवरी जरूर दिखी, लेकिन यह अभी भी मजबूत वापसी नहीं मानी जा सकती.

कैसा था दर्शकों का रिएक्शन

फिल्म को लेकर दर्शकों और समीक्षकों की राय बंटी हुई नजर आ रही है. कुछ लोगों ने फिल्म के इमोशनल सीन और स्क्रीनप्ले की तारीफ की है. लेकिन वहीं कई दर्शकों ने इसकी कहानी को कमजोर बताया और मुख्य किरदारों के अभिनय पर भी सवाल उठाए. इसी वजह से फिल्म को लेकर मजबूत वर्ड ऑफ माउथ नहीं बन पाया, जिसका असर कलेक्शन पर साफ दिख रहा है.

इस फिल्म में अदिवी सेष एक गुस्सैल कैदी के रोल में नजर आ रहे हैं, जो अपनी पूर्व प्रेमिका से बदला लेना चाहता है. उनकी प्रेमिका का किरदार मृणाल ठाकुर ने निभाया है. फिल्म की कहानी प्यार, धोखा और बदले के इर्द गिर्द घूमती है. जैसे जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह भावनात्मक मोड़ भी लेती है. फिल्म में अनुराग कश्यप, प्रकाश राज, अतुल कुलकर्णी और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं.