'धुरंधर 2' के तूफान में घिर गई 'डकैत', पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ाई आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म
आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म डकैत ने पहले दिन 6.50 करोड़ की कमाई के साथ औसत शुरुआत की है. नेगेटिव रिव्यू और कमजोर हिंदी प्रदर्शन के कारण फिल्म उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पाई.
मुंबई: आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म डकैत लंबे समय से चर्चा में थी. फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह भी देखने को मिला था लेकिन रिलीज के बाद इसका असर बॉक्स ऑफिस पर उतना मजबूत नहीं दिखा. पहले दिन फिल्म ने लगभग 6.50 करोड़ की कमाई की है. यह आंकड़ा उम्मीद से काफी कम माना जा रहा है. खास बात यह रही कि फिल्म शाम और रात के शो में भी ज्यादा ग्रोथ नहीं दिखा पाई.
फिल्म का प्रदर्शन अलग अलग भाषाओं में अलग नजर आया. तेलुगू वर्जन ने करीब 5.60 करोड़ की कमाई की जो फिल्म के कुल कलेक्शन का बड़ा हिस्सा है. वहीं हिंदी वर्जन सिर्फ 90 लाख ही कमा पाया जो काफी कमजोर माना जा रहा है. इससे साफ है कि फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर वह रिस्पॉन्स नहीं मिला जिसकी उम्मीद की जा रही थी.
इन फिल्मों से भी रह गई पीछे
अगर आदिवी शेष की पिछली फिल्म हिट द सेकंड केस से तुलना करें तो डकैत थोड़ी पीछे नजर आती है. हिट द सेकंड केस ने पहले दिन तेलुगू में 6.40 करोड़ की ओपनिंग ली थी जबकि डकैत उससे आगे नहीं निकल पाई. यह संकेत देता है कि दर्शकों का शुरुआती रिस्पॉन्स थोड़ा ठंडा रहा है.
बॉक्स ऑफिस पर इस समय रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 का दबदबा बना हुआ है. अपने 23वें दिन भी यह फिल्म 6.70 करोड़ कमा रही है जो डकैत की ओपनिंग से ज्यादा है. यह अंतर भले ही छोटा हो लेकिन यह दिखाता है कि पुरानी फिल्म अब भी नई रिलीज पर भारी पड़ रही है.
बजट के हिसाब से हुई निराशाजनक शुरुआत
डकैत का बजट करीब 80 से 100 करोड़ बताया जा रहा है. ऐसे में फिल्म से कम से कम 10 करोड़ की ओपनिंग की उम्मीद की जा रही थी. लेकिन 6.50 करोड़ की शुरुआत ने मेकर्स की उम्मीदों को झटका दिया है. अब फिल्म के लिए आगे का सफर थोड़ा मुश्किल नजर आ रहा है.
फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों और क्रिटिक्स से ज्यादा पॉजिटिव प्रतिक्रिया नहीं मिली है. कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर मिली कमजोर प्रतिक्रिया का असर सीधे कलेक्शन पर पड़ा है. यही वजह है कि फिल्म पहले दिन शाम के शो में भी उछाल नहीं दिखा पाई.