Comedian Zakir Khan: मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान ने अपने फैंस को चौंकाते हुए स्टेज शो से ब्रेक लेने का ऐलान किया है. उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है. जाकिर ने अपने इस फैसले की जानकारी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी, जिसमें उन्होंने अपनी सेहत और पिछले एक दशक के व्यस्त शेड्यूल के बारे में खुलकर बात की.
जाकिर खान ने लिखा कि वे पिछले 10 सालों से लगातार टूर कर रहे हैं. फैंस का प्यार और समर्थन उन्हें हमेशा मिला, जिसके लिए वे खुद को खुशकिस्मत मानते हैं. लेकिन इस दौरान लगातार यात्रा, दिन में दो-तीन शो, नींद की कमी, सुबह की फ्लाइट्स और अनियमित खानपान ने उनकी सेहत पर बुरा असर डाला है. उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से वे बार-बार बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन काम की जरूरत के चलते उन्हें रुकना नहीं पड़ा. अब हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए उन्होंने स्टेज शो से ब्रेक लेने का फैसला किया है.

zakir post social media
जाकिर ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'बात हाथ से निकल जाए, उससे पहले मुझे रुकना जरूरी है.' वे अपनी सेहत को प्राथमिकता देना चाहते हैं और इस ब्रेक के दौरान खुद को रिकवर करने पर ध्यान देंगे. उन्होंने फैंस से उनके प्यार और समझदारी के लिए आभार जताया और वादा किया कि वे जल्द ही और बेहतर तरीके से वापसी करेंगे.
'हक से सिंगल', 'कक्षा शुरू होती है' से फैंस को किया एंटरटेन
जाकिर खान की इस घोषणा ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है, क्योंकि वे अपनी मजेदार प्रस्तुतियों और शायरी के लिए जाने जाते हैं. उनके शो 'हक से सिंगल', 'कक्षा शुरू होती है' और 'तथास्तु' ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. फैंस अब सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. जाकिर के प्रशंसक उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब वे फिर से अपने अनोखे अंदाज में सबको हंसाएंगे.