'कॉलेज छात्र सलमान के फैशन को बहुत पसंद करते हैं', मोहन भागवत के बयान पर भाईजान के रिएक्शन का वीडियो हुआ वायरल
कार्यक्रम में बैठे सलमान खान बहुत ध्यान से मोहन भागवत की बातों को सुन रहे थे. जब भागवत ने उनका नाम लिया और उनकी तारीफ की, तो सलमान के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आ गई.
बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों सुर्खियों में हैं. हाल ही में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने के मौके पर मुंबई में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दो दिवसीय व्याख्यानमाला का नाम 'न्यू होराइजंस' था, जहां RSS प्रमुख मोहन भागवत ने भाषण दिया. इस दौरान भागवत ने सलमान खान की बहुत तारीफ की और कहा कि कॉलेज के छात्र उनके फैशन को कॉपी करते हैं.
छात्र सलमान खान के फैशन को कॉपी करते
भागवत ने कहा कि कॉलेज के छात्र सलमान खान के फैशन को कॉपी करते हैं. जब उनसे पूछा जाता है कि क्यों, तो वे कहते हैं कि पता नहीं, बस सलमान कर रहे हैं तो ठीक होगा. उन्होंने इसे एक उदाहरण देते हुए समझाया कि समाज में अच्छे मूल्य भी ऐसे ही फैशन बन जाने चाहिए. जैसे फैशन तेजी से फैलता है, वैसे ही अच्छी बातें भी लोगों तक पहुंचनी चाहिए.
भागवत के बयान पर मुस्कुरा दिए सलमान
कार्यक्रम में बैठे सलमान खान बहुत ध्यान से मोहन भागवत की बातों को सुन रहे थे. जब भागवत ने उनका नाम लिया और उनकी तारीफ की, तो सलमान के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आ गई. वे आंखें लगाकर स्टेज की तरफ देखते रहे और उस प्यार को महसूस करते दिखे. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सलमान सच में ट्रेंडसेटर
सलमान के फैंस उनकी इस मुस्कान को देखकर खुश हो रहे हैं और लिख रहे हैं कि सलमान सच में ट्रेंडसेटर हैं. 90 के दशक से लेकर आज तक उन्होंने फैशन में बहुत कुछ बदला है. इस कार्यक्रम में रणबीर कपूर, सुभाष घई, प्रसून जोशी जैसे कई बड़े नाम भी मौजूद थे.
बता दें कि सलमान खान फिल्मों और टीवी के अलावा अपने चैरिटी कामों के लिए भी जाने जाते हैं. वे देश-विदेश में बहुत प्रभावशाली हैं. सलमान खान को लेकर कहीं भागवत की बातों पर सलमान खान के फैंस जमकर कमेंट कर रहे हैं. सलमान के एक फैन ने लिखा "सलमान भाई ट्रू ट्रेंडसेटर हैं", "आरएसएस प्रमुख भी मान रहे हैं उनकी ताकत".