BRICS 2026 Asian Games 2026

CINTAA ऑफिस में हाईवोल्टेज ड्रामा, पूनम ढिल्लों-उपासना सिंह की बहस में पुलिस ने लगाई फटकार

मुंबई में CINTAA ऑफिस में कलाकारों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, उपासना सिंह और कुनिका सदानंद समेत कई कलाकारों के बीच आधिकारिक दस्तावेजों को लेकर बहस हुई.

Screengrab
Babli Rautela

मुंबई में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों की संस्था सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन यानी CINTAA का अंदरूनी विवाद अब खुलकर सामने आ गया है. एसोसिएशन के ऑफिस में कलाकारों के बीच तीखी बहस और हंगामे के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो में पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, उपासना सिंह, कुनिका सदानंद समेत कई सदस्य नजर आ रहे हैं. मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करना पड़ा.

दस्तावेजों को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत CINTAA के आधिकारिक दस्तावेजों और फाइलों को लेकर हुई. इससे पहले कुनिका सदानंद ने आरोप लगाया था कि संस्था के कुछ जरूरी कागजात पूनम ढिल्लों की कार में रखकर बाहर ले जाए गए. वायरल वीडियो में कुछ सदस्य पद्मिनी कोल्हापुरे से इसी मामले को लेकर सवाल करते दिखाई देते हैं. उनसे दस्तावेजों को लेकर जानकारी मांगी जाती है. इस दौरान पद्मिनी कमेटी को भंग किए जाने से संबंधित पत्र दिखाने की बात कहती हैं. वहीं पुलिस पूरे मामले में खुद को तीसरा पक्ष बताते हुए कहती है कि कानून की नजर में सभी के साथ समान व्यवहार किया जाएगा. वीडियो में पद्मिनी की ओर से डेटा चोरी होने की बात भी कही जाती है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में इन आरोपों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

पूनम ढिल्लों ने कार की तलाशी पर जताई नाराजगी

वहीं एक दूसरे वीडियो में पूनम ढिल्लों अपनी कार की तलाशी लिए जाने पर सवाल उठाती दिखाई देती हैं. कथित तौर पर यह वीडियो कुनिका सदानंद ने रिकॉर्ड किया था. इसी दौरान दोनों के बीच बहस होती नजर आती है और माहौल काफी तनावपूर्ण हो जाता है. मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने कलाकारों को शांत रहने के लिए कहा. एक पुलिसकर्मी ने उन्हें याद दिलाया कि वे सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे से इस तरह बात न करें और अपनी गरिमा बनाए रखें. पुलिस ने यह भी कहा कि वह सभी को सम्मान दे रही है, लेकिन उसकी भी एक सीमा होती है.


उपासना सिंह ने दस्तावेज वापस लाने की बात कही

विवाद के दौरान उपासना सिंह ने कथित तौर पर उन दस्तावेजों को वापस लाने की मांग की, जिनके बाहर भेजे जाने की बात सामने आई थी. इस पर पुलिस की ओर से जवाब दिया गया कि दस्तावेजों से छेड़छाड़ या उन्हें पेश न करने का मामला संबंधित लेबर अथॉरिटी के सामने उठाया जा सकता है.

इसके बावजूद मौके पर मौजूद सदस्य एक-दूसरे और पुलिस अधिकारियों से बहस करते रहे. कुनिका सदानंद ने चुनाव प्रक्रिया का हवाला देते हुए यह भी कहा कि उन्हें ऑफिस के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.