'भागम भाग 2' से गोविंदा हुए बाहर? अक्षय कुमार संग नजर आएंगे मनोज बाजपेयी, फैंस हुए निराश
फिल्म 'भागम भाग' के सीक्वल में गोविंदा का पत्ता साफ हो गया है. जी हां लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म के पार्ट 2 में अक्षय कुमार संग मनोज बाजपेयी नजर आएंगे.
मुंबई: 2006 में रिलीज़ हुई फिल्म भागम भाग ने अपनी मजेदार कॉमेडी और अक्षय कुमार, गोविंदा तथा परेश रावल की शानदार जोड़ी से दर्शकों का दिल जीत लिया था. यह फिल्म एक कल्ट क्लासिक बन गई, जिसमें गलतफहमियों, हंसी-मजाक और तेज रफ्तार वाली कहानी ने लोगों को खूब हंसाया. अब 20 साल बाद इसकी सीक्वल भागम भाग 2 की खबरें तेजी से फैल रही हैं, लेकिन कास्टिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे फैंस काफी निराश हो गए हैं.
'भागम भाग 2' से गोविंदा हुए बाहर?
रिपोर्ट्स के अनुसार गोविंदा इस सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगे. उनकी जगह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी को कास्ट किया गया है. अक्षय कुमार और परेश रावल अपनी पुरानी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं, लेकिन गोविंदा की अनुपस्थिति ने फैंस को चौंका दिया है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि मनोज बाजपेयी गोविंदा की जगह लेंगे, जो मूल फिल्म में 'बबला' के किरदार में नजर आए थे. उनका कॉमिक टाइमिंग और एनर्जी फिल्म की जान थी.
अक्षय कुमार के अपोजिट नजर आएंगी मीनाक्षी चौधरी
फिल्म की कहानी पहले पार्ट से काफी अलग होगी. नई स्टोरीलाइन में मिस्टेकन आइडेंटिटी, कॉमेडी ऑफ एरर्स और बढ़ता हुआ हंगामा होगा. मेकर्स का कहना है कि यह ज्यादा मजेदार, क्रेजी और फनी होगी. निर्देशन रा़ज शांडिल्या कर रहे हैं और शूटिंग मार्च से मुंबई में शुरू होने वाली है. कास्ट में एक नया नाम मीनाक्षी चौधरी भी जुड़ गया है. वे अक्षय कुमार के अपोजिट फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी.
फैंस हुए निराश
मीनाक्षी साउथ की फिल्मों जैसे 'गुंटूर करम' और 'GOAT' में काम कर चुकी हैं. उन्होंने 2019 में 'अपस्टार्ट्स' से हिंदी डेब्यू किया था और अब वापसी कर रही हैं. मनोज बाजपेयी के अपोजिट किसे लिया जाएगा, इस पर अभी चर्चा चल रही है. फैंस की प्रतिक्रिया देखकर लगता है कि यह बदलाव उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स लिख रहे हैं कि 'गोविंदा के बिना भागम भाग 2 का कोई मतलब नहीं', 'बिना गोविंदा के फिल्म बंद कर दो' और 'मनोज बाजपेयी शानदार एक्टर हैं, लेकिन गोविंदा का रोल कोई नहीं निभा सकता.' कुछ फैंस तो इतने नाराज हैं कि वे सीक्वल को शेल्व करने की बात कर रहे हैं. गोविंदा के फैंस के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि मूल फिल्म की सफलता में उनकी बड़ी भूमिका थी.
फिलहाल मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स से साफ है कि भागम भाग 2 में नया ट्विस्ट और नई एनर्जी आएगी. देखना होगा कि यह बदलाव फिल्म को नई ऊंचाई दे पाता है या फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर देता है.