पैसों पर अटकी 'बार्बी 2' की डील, मार्गो रॉबी और रयान गोसलिंग के सीक्वल पर संकट
मार्गो रॉबी, रयान गोसलिंग और ग्रेटा गेरविग की 'बार्बी 2' पर फीस को लेकर बातचीत अटक गई है. वार्नर ब्रदर्स के कई ऑफर ठुकराए जा चुके हैं और फिल्म का भविष्य अब अनिश्चित दिख रहा है.
2023 की सुपरहिट 'बार्बी' के सीक्वल को लेकर फैंस का इंतजार बढ़ सकता है. नई रिपोर्ट के मुताबिक, वार्नर ब्रदर्स और फिल्म की क्रिएटिव टीम के बीच पैसों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है. अगर जल्द डील नहीं हुई, तो 'बार्बी 2' को आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है.
'बार्बी 2' पर डील क्यों अटकी?
'वैरायटी' की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटा गेरविग, नोआ बॉमबैक, मार्गो रॉबी और रयान गोसलिंग संभावित सीक्वल के लिए फिर साथ आ सकते हैं. पहली 'बार्बी' ने दुनिया भर में करीब 1.4 बिलियन डॉलर की कमाई की थी और यह किसी महिला निर्देशक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि वार्नर ब्रदर्स पिछले तीन वर्षों में टीम के सामने छह से ज्यादा ऑफर रख चुका है, लेकिन हर बार बात आगे नहीं बढ़ी. स्टूडियो का सबसे नया ऑफर अब तक का सबसे बड़ा बताया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर टीम ज्यादा शुरुआती फीस और कमाई में बड़ा हिस्सा चाहती है.
रयान गोसलिंग ने मांगी बड़ी फीस
डील से जुड़े एक सूत्र ने नए पैकेज को बेहद बड़ी रकम बताया है लेकिन दूसरे सूत्र ने कहा कि कुल पैकेज और कलाकारों को मिलने वाली व्यक्तिगत रकम को एक जैसा नहीं माना जा सकता. इसी वजह से बातचीत अभी भी जारी है. रिपोर्ट के अनुसार, रयान गोसलिंग 'केन' के किरदार में वापसी के लिए 20 मिलियन डॉलर की मांग कर रहे हैं. वहीं गेरविग और बॉमबैक के पास नई फिल्म की कहानी का एक आइडिया भी है लेकिन दोनों तब तक इसकी जानकारी साझा नहीं करना चाहते, जब तक समझौता पूरा नहीं हो जाता.
Also Read
Warner Bros के पास समय कम
वार्नर ब्रदर्स के लिए मामला सिर्फ फीस तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार, पहली फिल्म के कॉन्ट्रैक्ट में सीक्वल बनाना जरूरी नहीं किया गया था. इसलिए स्टूडियो को नई शर्तों पर पूरी टीम को साथ लाना पड़ रहा है. इसके अलावा मैटेल के साथ हुए समझौते के कारण समय भी अहम है. अगर 2026 के अंत तक किसी नई 'बार्बी' फिल्म पर प्रोडक्शन शुरू नहीं होता, तो डॉल के फिल्म अधिकार मैटेल के पास वापस जा सकते हैं. ऐसे में स्टूडियो के सामने सीमित समय में डील पूरी करने की चुनौती है.