'अनुपम खेर को बाल आ जाएंगे लेकिन TMC नहीं...' Bjp नेता के बयान पर एक्टर ने दिया मजेदार जवाब
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में BJP की बड़ी जीत के बाद पार्टी नेता का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. उन्होंने मजाक में कहा कि अनुपम खेर के सिर पर बाल आ सकते हैं, लेकिन TMC दोबारा सत्ता में नहीं लौट सकती. इस पर अनुपम खेर ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद राजनीतिक माहौल काफी गर्म नजर आ रहा है. भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है. लेकिन इसी बीच एक ऐसा बयान सामने आया जिसने राजनीति से ज्यादा सोशल मीडिया पर लोगों को हंसने का मौका दे दिया है. BJP के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए एक्टर अनुपम खेर का नाम लेकर ऐसा मजाक किया कि इंटरनेट पर चर्चा शुरू हो गई. खास बात यह रही कि अनुपम खेर ने भी इस बयान को बेहद हल्के और मजेदार अंदाज में लिया और ऐसा जवाब दिया जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं.
मंगलवार को चुनाव नतीजों के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए समिक भट्टाचार्य ने TMC पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस अब कभी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी. इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि, 'आसमान जमीन पर आ सकता है, समुद्र आसमान तक पहुंच सकता है और अनुपम खेर के सिर पर दोबारा बाल भी आ सकते हैं, लेकिन TMC की सत्ता में वापसी संभव नहीं है.' उनका यह बयान कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसे तेजी से शेयर करना शुरू कर दिया.
अनुपम खेर के मजेदार जवाब ने बटोरीं सुर्खियां
जब यह वीडियो अनुपम खेर तक पहुंचा तो उन्होंने भी इसे मजाकिया अंदाज में लिया. एक्टर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या बिगाड़ा है कि लोग उनके सिर पर बाल उगाना चाहते हैं. उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में वह कई जन्मों तक भी अपने सिर पर बाल नहीं चाहेंगे. उनका यह जवाब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया. फैंस को उनका सेंस ऑफ ह्यूमर काफी पसंद आया और कई लोगों ने उनकी तारीफ की.
कंगना रनौत समेत कई लोगों ने किया रिएक्ट
अनुपम खेर के इस पोस्ट पर बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी मजेदार रिएक्ट किया है. उन्होंने हंसने वाले इमोजी शेयर किए. इसके अलावा सोशल मीडिया यूजर्स भी लगातार मजेदार कमेंट करते नजर आए. किसी ने कहा कि अनुपम खेर हर स्थिति को हंसी में बदल देते हैं तो किसी ने उनके जवाब को बेहद शानदार बताया. कुछ लोगों ने BJP नेता के बयान पर भी मजेदार रिएक्ट किया. इंटरनेट पर यह पूरा मामला राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा मनोरंजन का विषय बन गया.
चुनाव में BJP की बड़ी जीत
इस पूरे वारदात के पीछे पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के नतीजे हैं. BJP ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की. दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और उसकी सीटें काफी कम हो गईं. पिछले चुनाव में TMC ने 215 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार पार्टी 80 सीटों तक सिमट गई. BJP के प्रदर्शन में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली. पिछले चुनाव में पार्टी सिर्फ 77 सीटें जीत पाई थी. इसी जीत के बाद BJP नेताओं के बयान लगातार चर्चा में बने हुए हैं.