तमन्ना भाटिया को लेकर दिए बयान पर घिरे अन्नू कपूर, दी सफाई, बोलें - 'बुरा लगा तो पैर छूकर मांग लूंगा माफी'

अन्नू कपूर ने तमन्ना भाटिया पर दिए अपने बयान को लेकर उठे विवाद पर खुलकर रिएक्ट किया है. उन्होंने कहा कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया और जरूरत पड़ी तो वह माफी मांगने को भी तैयार हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: अन्नू कपूर और तमन्ना भाटिया के बीच यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने फिल्म स्त्र 2 के गाने आज की रात में तमन्ना के डांस पर टिप्पणी करते हुए 'दूधिया बदन' जैसे शब्द का इस्तेमाल किया. यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों की मिली जुली प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ लोगों ने इसे तारीफ माना तो कुछ ने इसे आपत्तिजनक बताया.

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने कहा कि उनके शब्दों का गलत अर्थ निकाला गया. उन्होंने बताया कि वह सिर्फ तमन्ना के डांस और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ कर रहे थे. उनका कहना था कि यह एक सामान्य बातचीत का हिस्सा था, जिसे बिना संदर्भ के वायरल कर दिया गया. कपूर ने यह भी कहा कि अगर यही बात अंग्रेजी में कही जाती, तो शायद इतना विवाद नहीं होता.

भाषा को लेकर भी उठाया सवाल

अन्नू कपूर ने इस पूरे विवाद में भाषा को भी एक बड़ा कारण बताया. उनका कहना है कि हिंदी में कही गई बात लोगों को ज्यादा चुभती है, जबकि वही बात अगर अंग्रेजी में कही जाए तो लोग उसे आसानी से स्वीकार कर लेते हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उन्होंने मिल्की बॉडी कहा होता, तो शायद कोई प्रतिक्रिया नहीं होती.

अन्नू कपूर ने साफ कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि अगर तमन्ना भाटिया को उनकी बात से बुरा लगा है, तो वह माफी मांगने के लिए तैयार हैं. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि जरूरत पड़ी तो वह उनके पैर छूकर भी माफी मांग सकते हैं, क्योंकि उनके मन में कोई गलत भावना नहीं थी.

तमन्ना भाटिया की तरफ से रिएक्शन

इस पूरे मामले पर अभी तक तमन्ना भाटिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फैंस अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि वह इस विवाद पर क्या रिएक्शन देती हैं. सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस विवाद को लेकर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है. एक तरफ कुछ लोग अन्नू कपूर का समर्थन कर रहे हैं और इसे एक सामान्य तारीफ बता रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स इसे गलत टिप्पणी मानते हुए उनकी आलोचना कर रहे हैं.