Drishyam 3 Box Office Records: ‘दृश्यम 3’ का ऐसा जलवा कि बॉक्स ऑफिस भी रह गया दंग, बने 7 रिकॉर्ड
अजय देवगन की 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है. फिल्म ने पहले दिन भारत में 66.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 95.10 करोड़ रुपये बताई गई है.
Drishyam 3 Box Office Records: अजय देवगन की मच अवेटेड फिल्म 'दृश्यम 3' ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है. फिल्म ने पहले ही दिन देश और दुनियाभर में शानदार कमाई करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 66.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपये बताया गया है.
ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने पहले दिन करीब 15 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह 'दृश्यम 3' का पहले दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 95.10 करोड़ रुपये रहा. दमदार ओपनिंग के साथ फिल्म ने अजय देवगन के करियर से जुड़े कई बड़े रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं.
अजय देवगन की सबसे बड़ी ओपनर बनी
'दृश्यम 3' ने 66.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 'सिंघम अगेन' के नाम था, जिसने पहले दिन 43.50 करोड़ रुपये कमाए थे.
Also Read
इसके साथ ही 'दृश्यम 3' अजय देवगन के करियर की पहली ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग दर्ज की है.
2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
फिल्म ने साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट में भी अपनी जगह बना ली है. 66.75 करोड़ रुपये के पहले दिन के कलेक्शन के साथ 'दृश्यम 3' इस साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है. इस लिस्ट में इससे आगे 'धुरंधर द रिवेंज' है, जिसने 145.55 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी.
बॉलीवुड की बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल
'दृश्यम 3' बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में भी शामिल हो गई है. 66.75 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों के ओपनिंग डे आंकड़ों को पीछे छोड़ा है. इनमें 'स्त्री 2', 'एनिमल', 'पठान', 'वॉर' और 'वॉर 2' जैसी फिल्में शामिल हैं.
पहले शुक्रवार के भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो 'दृश्यम 3' करीब 66.75 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. इससे आगे 'धुरंधर 2' है, जिसने 78.94 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
पहले दिन ही अजय की टॉप फिल्मों में शामिल
वर्ल्डवाइड 95.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ 'दृश्यम 3' ने अजय देवगन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में भी जगह बना ली है. फिल्म पहले ही दिन इस सूची में आठवें नंबर पर पहुंच गई है. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने 'मैदान' और 'सन ऑफ सरदार' के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है.
इन फिल्मों को भी छोड़ा पीछे
'दृश्यम 3' की वर्ल्डवाइड ओपनिंग की तुलना कई बड़ी फिल्मों से की जा रही है. 95.10 करोड़ रुपये के आंकड़े के साथ इसने रजनीकांत की 'जेलर' के 91 करोड़ रुपये, प्रभास की 'सालार' के 91 करोड़ रुपये, 'कल्कि' के करीब 95 करोड़ रुपये, राम चरण की 'पेद्दी' के 94 करोड़ रुपये, सलमान खान की 'टाइगर 3' के 93 करोड़ रुपये और ऋषभ शेट्टी की 'कांतारा चैप्टर 1' के 88 करोड़ रुपये के ओपनिंग आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है. इस तरह रिलीज के पहले ही दिन 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज कराई है. अब फिल्म की नजर वीकेंड के कलेक्शन और आगे के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर है.