अरिजीत के बाद अब प्रीतम भी लेंगे संगीत से ब्रेक? इंस्टाग्राम पोस्ट ने मचा दिया हड़कंप

कुछ समय पहले गायक अरिजीत सिंह ने संगीत से दूरी बनाने के संकेत दिए थे. अब मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रबोर्ती की हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट ने उनके फैंस को चौंका दिया है.

X
Antima Pal

Pritam Hints Retirement: बॉलीवुड संगीत जगत में एक के बाद एक बड़े नाम ब्रेक या संन्यास की चर्चा में आ रहे हैं. कुछ समय पहले गायक अरिजीत सिंह ने संगीत से दूरी बनाने के संकेत दिए थे. अब मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रबोर्ती की हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट ने उनके फैंस को चौंका दिया है. क्या प्रीतम भी संगीत की दुनिया से कुछ सालों के लिए अलविदा कहने वाले हैं?

अरिजीत के बाद अब प्रीतम भी लेंगे संगीत से ब्रेक? 

14 जून को अपना 55वां जन्मदिन मनाने वाले प्रीतम चक्रबोर्ती ने ब्लैक एंड व्हाइट फोटोज शेयर कीं. पोस्ट में उन्होंने लिखा- 'नए सफर....' कैप्शन में प्रीतम ने अपने लंबे सफर को याद किया और कहा कि मुख्यधारा बॉलीवुड संगीत का सफर बहुत शानदार रहा. लेकिन अब वह कुछ साल खुद को तोहफा देना चाहते हैं. काम के चक्कर में जो चीजें पीछे छूट गईं, उन्हें समय देना चाहते हैं. अनजाने रास्तों पर निकलना और जिंदगी को नए तरीके से जीना चाहते हैं.

Pritam Instagram Post X

पोस्ट देखते ही फैंस की कमेंट्स में हलचल मच गई. कोई पूछ रहा है- 'सर, क्या आप रिटायरमेंट ले रहे हैं?' तो कोई लिख रहा है- 'प्लीज प्रीतम सर, थोड़ा और गाने दे दीजिए.' कई फैंस ने यह भी कहा कि अरिजीत के बाद प्रीतम का यह संकेत बॉलीवुड संगीत के लिए बड़ा झटका हो सकता है. 


प्रीतम चक्रबोर्ती पिछले दो दशकों से बॉलीवुड के सबसे सफल और पावरफुल म्यूजिक डायरेक्टर रहे हैं. ‘चोरी चोरी’, ‘जब वी मेट’, ‘रॉक ऑन’, ‘बर्फी’, ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘ब्रह्मास्त्र’ और ‘पठान’ जैसे ब्लॉकबस्टर फिल्मों में उनका जादू चला उनकी धुनों ने न सिर्फ फिल्मों को हिट बनाया बल्कि गानों को सदाबहार भी बना दिया. 

श्रेया घोषाल, मोहित चौहान, अरिजीत सिंह और कई नए गायकों को उन्होंने ब्रेक दिया. फिलहाल प्रीतम ने साफ-साफ ‘संन्यास’ शब्द नहीं इस्तेमाल किया है. उन्होंने ‘कुछ साल’ का जिक्र किया है. यानी यह पूरी तरह रिटायरमेंट नहीं, बल्कि एक लंबा ब्रेक लग रहा है. इस दौरान वे परिवार, यात्राएं, नई हॉबीज और उन कामों पर फोकस करना चाहते हैं जो पहले संभव नहीं हो पाए. फैंस अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि यह ब्रेक उनके लिए रिचार्जिंग साबित हो और कुछ साल बाद वे और बेहतरीन संगीत लेकर वापसी करें.