हजारों ऑडिशन के बाद आदित्य धर को मिला था 'यालिना' का चेहरा, कैसे हुआ था सारा अर्जुन का सलेक्शन?

धुरंधर फिल्म में सारा अर्जुन की कास्टिंग आसान नहीं थी. एक हजार से ज्यादा ऑडिशन के बाद उनका सलेक्शन हुआ. कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने खुलासा किया कि उनका ऑडिशन देखकर आदित्य धर भी चौंक गए थे.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: धुरंधर और उसका सीक्वल धुरंधर द रिवेंज आज इंडस्ट्री की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुके हैं. फिल्म की सफलता में जहां रणवीर सिंह की दमदार एक्टिंग और आदित्य धर की शानदार डायरेक्शन का बड़ा योगदान है, वहीं एक और नाम जिसने सबका दिल जीता, वह है सारा अर्जुन. लेकिन सारा का इस फिल्म तक पहुंचना बिल्कुल भी आसान नहीं था. इसके पीछे एक लंबी और दिलचस्प कास्टिंग प्रक्रिया छिपी है.

कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि यालिना के किरदार के लिए उन्होंने एक हजार से ज्यादा लड़कियों का ऑडिशन लिया. उनका कहना था कि टीम शुरू से ही एक बिल्कुल नया चेहरा चाहती थी. ऐसा चेहरा जिसे देखकर दर्शकों को लगे कि वह किसी नई दुनिया से आई है. उन्होंने बताया कि कई बड़े कलाकारों ने भी इस रोल के लिए दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन मेकर्स ने पहले ही तय कर लिया था कि इस किरदार के लिए फ्रेश फेस ही लिया जाएगा.

ऑडिशन का वह सीन जिसने बदल दी किस्मत

मुकेश छाबड़ा ने बताया कि ऑडिशन के दौरान एक खास सीन रखा गया था जिसमें लड़की पूछती है कि क्या तुम हिंदुस्तानी एजेंट हो. इस सीन के जरिए एक्टिंग, भाषा और एक्सप्रेशन सब कुछ जांचा गया. पहले 50 लड़कियों को चुना गया, फिर 30, फिर 20, फिर 10, फिर 5 और आखिर में सिर्फ 3. इन तीन में से सारा अर्जुन ने ऐसा परफॉर्म किया कि वह सबसे आगे निकल गईं.

कैसा था आदित्य धर का रिएक्शन?

जब सारा अर्जुन का ऑडिशन आदित्य धर को भेजा गया, तो उन्होंने तुरंत पूछा कि यह लड़की कौन है. मुकेश छाबड़ा ने बताया कि सारा का काम इतना प्रभावशाली था कि डायरेक्टर भी तुरंत प्रभावित हो गए. शुरुआत में उनकी हाइट को लेकर थोड़ी चिंता जरूर थी, लेकिन बाद में टीम ने महसूस किया कि यह किरदार के हिसाब से बिल्कुल सही बैठती है.

फिल्म की कहानी के हिसाब से एक ऐसी लड़की की जरूरत थी जो पूरी तरह नई लगे. मेकर्स चाहते थे कि जब रणवीर सिंह का किरदार उस दुनिया में जाए, तो दर्शकों को भी वही नया अनुभव महसूस हो. सारा अर्जुन इस किरदार में इतनी फिट बैठीं कि उनकी और रणवीर की केमिस्ट्री फिल्म का सबसे मजबूत हिस्सा बन गई.