ऐश्वर्या राय के साथ रेड कार्पेट पर चलने से क्यों डरते हैं अभिषेक बच्चन?

अभिषेक बच्चन ने खुलासा किया है कि उन्हें पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ रेड कार्पेट पर चलने में डर लगता है. उन्होंने बताया कि बड़े इवेंट्स में वह खुद को असहज महसूस करते हैं और अक्सर घबराहट में अजीब लगने लगते हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड में जहां रेड कार्पेट पर आत्मविश्वास और स्टाइल का जलवा देखने को मिलता है, वहीं अभिषेक बच्चन ने इस चमक-दमक के पीछे की एक अलग सच्चाई सामने रखी है. उन्होंने खुलासा किया कि पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ रेड कार्पेट पर चलना उनके लिए आसान नहीं बल्कि बेहद मुश्किल काम है. एक इंटरव्यू के दौरान अभिषेक बच्चन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब वह ऐश्वर्या के साथ रेड कार्पेट पर होते हैं, तो खुद को बहुत साधारण महसूस करते हैं.

उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या इस मामले में पूरी तरह प्रोफेशनल हैं और हर बार शानदार तरीके से खुद को पेश करती हैं, जबकि वह खुद को लकड़ी के गट्ठे जैसा महसूस करते हैं.

रेड कार्पेट पर होती है घबराहट

अभिषेक ने बताया कि बड़े इवेंट्स में उन्हें समझ ही नहीं आता कि कैसे खड़े हों या क्या करें. कभी हाथ जेब में रखने को लेकर कन्फ्यूजन रहता है तो कभी कैमरे के सामने कैसे पोज दें, यह समझ नहीं आता. उन्होंने यह भी बताया कि कई बार उनकी घबराहट को लोग गुस्सा समझ लेते हैं, जिससे गलतफहमी भी पैदा हो जाती है.

ऐश्वर्या राय हर साल कान फिल्म फेस्टिवल में अपने रेड कार्पेट लुक्स से सुर्खियां बटोरती हैं. उनका स्टाइल और कॉन्फिडेंस दुनियाभर में चर्चा का विषय बनता है. कई बार वह अपनी बेटी आराध्या के साथ भी इस इवेंट में नजर आती हैं.

दोनों की लव स्टोरी भी है खास

अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की मुलाकात 2000 के दशक की शुरुआत में हुई थी. दोनों ने धूम 2 और गुरु जैसी फिल्मों में साथ काम किया और धीरे-धीरे करीब आए. साल 2007 में दोनों ने शादी की और 2011 में उनकी बेटी आराध्या का जन्म हुआ. यह जोड़ी अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक निजी ही रखती है.

वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिषेक बच्चन जल्द ही किंग में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में शाहरुख खान अहम किरदार में नजर आएंगे. इसके अलावा वह Raja Shivaji में भी दिखाई देंगे, जो एक बड़े बजट की ऐतिहासिक फिल्म है.