Tamil Nadu Assembly Election 2026

Dada Saheb Phalke Biopic: डिब्बाबंद हुई भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहेब फाल्के की बायोपिक! आमिर खान को पसंद नहीं आई स्क्रिप्ट?

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी और अभिनेता आमिर खान की जोड़ी ने '3 इडियट्स' और 'पीके' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. लेकिन उनकी अगली अपकमिंग फिल्म, भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहेब फाल्के की बायोपिक फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है. खबरों के मुताबिक आमिर खान को इस फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई है.

social media
Antima Pal

Dada Saheb Phalke Biopic: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी और अभिनेता आमिर खान की जोड़ी ने '3 इडियट्स' और 'पीके' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. लेकिन उनकी अगली अपकमिंग फिल्म भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहेब फाल्के की बायोपिक फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है. खबरों के मुताबिक आमिर खान को इस फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई और उन्होंने राजकुमार हिरानी से इसे दोबारा लिखने को कहा है.

दादा साहेब फाल्के, जिन्हें भारतीय सिनेमा का पितामह कहा जाता है, ने 1913 में पहली भारतीय फीचर फिल्म 'राजा हरिश्चंद्र' बनाई थी. उनकी जिंदगी पर आधारित इस बायोपिक को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह था, क्योंकि हिरानी और आमिर की जोड़ी हमेशा कुछ खास लेकर आती है. लेकिन अब खबर है कि स्क्रिप्ट में कुछ कमी रह गई, जिसके चलते प्रोजेक्ट रुक गया है.

डिब्बाबंद हुई दादा साहेब फाल्के की बायोपिक!

सूत्रों की मानें तो आमिर को स्क्रिप्ट में वह जादू नहीं दिखा, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाए. आमिर को उम्मीद थी कि हिरानी और उनके लेखक साथी अभिजात जोशी स्क्रिप्ट में कॉमेडी, भावनाओं और ड्रामे का बेहतरीन मिश्रण पेश करेंगे, जैसा कि उनकी पिछली फिल्मों में देखने को मिला. लेकिन स्क्रिप्ट में कॉमेडी का अभाव और सिनेमाई तत्वों की कमी ने आमिर को निराश किया. उन्होंने हिरानी से स्क्रिप्ट को और दमदार बनाने के लिए दोबारा काम करने को कहा.

आमिर खान को पसंद नहीं आई स्क्रिप्ट?

यह पहली बार नहीं है जब आमिर ने किसी प्रोजेक्ट को लेकर सख्त रुख अपनाया हो. वह अपनी फिल्मों के लिए गहरी रिसर्च और परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं. दूसरी ओर राजकुमार हिरानी भी अपनी कहानियों को संवेदनशील और मनोरंजक बनाने के लिए मशहूर हैं. ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि यह जोड़ी जल्द ही स्क्रिप्ट को नया रूप देगी और दादा साहेब फाल्के की कहानी को पर्दे पर शानदार तरीके से पेश करेगी. फिलहाल इस प्रोजेक्ट का भविष्य स्क्रिप्ट के नए ड्राफ्ट पर टिका है. दर्शकों को अब इंतजार है कि यह बायोपिक कब पर्दे पर आएगी और भारतीय सिनेमा के इस महानायक की कहानी को कैसे दर्शाया जाएगा.