तीसरी बार दूल्हा बने आमिर खान, परिवार और करीबी दोस्तों के बीच गौरी स्प्रैट संग रचाई शादी

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान और उनकी लंबे समय से साथी रहीं गौरी स्प्रैट अब शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने मुंबई के बांद्रा स्थित घर में बेहद निजी समारोह में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपनी साथी गौरी स्प्रैट के साथ नई जिंदगी की शुरुआत कर दी है. करीब दो साल से अधिक समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल वाले घर में बेहद निजी समारोह में शादी कर ली. यह समारोह पूरी तरह पारिवारिक रखा गया, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और खास दोस्त ही शामिल हुए. आमिर खान पहले ही साफ कर चुके थे कि उनकी शादी किसी भव्य समारोह की बजाय बेहद सादगी से होगी. उन्होंने घर पर रजिस्टर्ड मैरिज करने का फैसला किया था. शादी के बाद परिवार और करीबी दोस्तों के साथ छोटा सा समारोह आयोजित किया गया.

कई खास मेहमान बने समारोह का हिस्सा

शादी में आमिर खान के परिवार के अलावा उनके बच्चे जुनैद खान, इरा खान और आजाद भी मौजूद रहे. समारोह में फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता वीर दास, क्रिकेटर इरफान पठान, राज ठाकरे सहित कई करीबी दोस्त शामिल हुए. यह आयोजन पूरी तरह निजी रखा गया था. 

आमिर खान और गौरी स्प्रैट की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी. हालांकि उस समय दोनों की राहें अलग हो गईं. वर्ष 2024 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और यहीं से उनके रिश्ते की नई शुरुआत हुई. कुछ समय तक दोनों लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहे. बाद में गौरी मुंबई आ गईं और दोनों साथ रहने लगे. मार्च 2025 में आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन पर पहली बार गौरी को मीडिया से अपनी पार्टनर के रूप में मिलवाया था. 


आमिर खान की तीसरी शादी

यह आमिर खान की तीसरी शादी है. उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं. इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की, जिनसे उनका बेटा आजाद है. अलग होने के बावजूद आमिर, रीना और किरण अपने बच्चों की परवरिश और कई सामाजिक तथा पेशेवर परियोजनाओं में साथ काम करते रहे हैं. अब गौरी स्प्रैट के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है.