NEET के बिना अमेरिका में डॉक्टर बनने का सपना होगा पूरा, जानें लें US के टॉप मेडिकल कॉलेज और उनकी फीस

भारत के मुकाबले अमेरिका में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन मिलना आसान है. वहां पर छात्रों के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए NEET की जरूर नहीं है. कई कॉलेज ऐसे हैं जिनमें NEET के बिना ही एडमिशन मिल सकता है.

Pinterest
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारत में बहुत से छात्रों का सपना होता है कि वह विदेश जाकर डॉक्टर की पढ़ाई करेंगे. लेकिन कई बार सही जानकारी न होने के कारण यह सपना केवल सपना बनकर ही रह जाता है. विदेश में डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए अमेरिका आज भी सबसे पसंदीदा देशों में गिना जाता है. 

यहां की मेडिकल शिक्षा न सिर्फ विश्वस्तरीय मानी जाती है, बल्कि रिसर्च, आधुनिक तकनीक और करियर अवसरों के मामले में भी अमेरिका बाकी देशों से काफी आगे है. खास बात यह है कि कई अमेरिकी मेडिकल कॉलेजों में भारतीय छात्रों को बिना NEET के भी पढ़ाई का मौका मिल सकता है, जिससे विदेश में मेडिकल की शिक्षा हासिल करना आसान हो जाता है. 

अमेरिका में मेडिकल पढ़ाई की प्रक्रिया

अमेरिका में मेडिकल शिक्षा का ढांचा भारत से काफी अलग है. भारत में छात्र 12वीं के बाद सीधे MBBS में प्रवेश ले सकते हैं, जबकि अमेरिका में पहले चार साल का अंडरग्रेजुएट कोर्स करना अनिवार्य होता है. इसके बाद छात्रों को MCAT परीक्षा पास करनी होती है, जिसके आधार पर मेडिकल स्कूल में एडमिशन मिलता है. यहां मेडिकल डिग्री को MD (Doctor of Medicine) कहा जाता है, जिसे भारत के MBBS के बराबर माना जाता है.

अमेरिका में मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने से पहले छात्रों को बायोलॉजी, केमिस्ट्री और साइंस विषयों के साथ बैचलर्स डिग्री पूरी करनी होती है. इसके बाद मेडिकल कॉलेज एडमिशन टेस्ट यानी MCAT देना पड़ता है. इस परीक्षा में अच्छे अंक आने पर ही प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में दाखिला मिलता है. MD की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र रेजीडेंसी और स्पेशलाइजेशन कर सकते हैं.

अमेरिका के टॉप मेडिकल कॉलेज

1. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (Harvard Medical School)

यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में गिना जाता है. छात्रों के लिए यहां एडमिशन पाना किसी पहाड़ तोड़ने से कम नहीं है. बता दें इस कॉलेज की सालाना फीस करीब 77 लाख रुपये तक पहुंचती है.

2. यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया (University of Pennsylvania)

अमेरिका के सबसे पुराने मेडिकल कॉलेजों में शामिल यह संस्थान रिसर्च और क्लिनिकल ट्रेनिंग के लिए जाना जाता है. यह स्कूल बायोमेडिकल रिसर्च पर जोर देता है.  

3. स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford School of Medicine)

रिसर्च और आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी के लिए मशहूर स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी कॉलेज छात्रों को प्रैक्टिकल अनुभव देने पर जोर देता है. स्टैनफर्ड के हॉस्पिटल में हर साल लाखों मरीजों का इलाज किया जाता है. इसकी वार्षिक फीस करीब 66 लाख रुपये है.

4. येल यूनिवर्सिटी (Yale School of Medicine)

छोटे क्लास साइज और व्यक्तिगत मार्गदर्शन के लिए प्रसिद्ध यह संस्थान मेडिकल छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां हर साल महज सौ लकी स्टूडेंट्स को ही एडमिशन मिलता है. यहां की सालाना फीस 76 लाख के करीब होती है. 

5. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी (Johns Hopkins University School of Medicine)

ये यूनिवर्सिटी मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में बहुत फेमस है. यहां हर साल सीमित छात्रों को ही एडमिशन मिल पाता है और यहां की फीस लगभग 69 लाख रुपये है.