नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 में कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले निजी (प्राइवेट) छात्रों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं. बोर्ड के अनुसार, कक्षा 12 की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 23 फरवरी से 17 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी. इस अवधि के दौरान सभी संबंधित छात्र अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर प्रैक्टिकल परीक्षा देंगे.
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन विषयों में प्रैक्टिकल का प्रावधान नहीं है, उनमें प्रोजेक्ट वर्क या आंतरिक मूल्यांकन (इंटरनल असेसमेंट) भी लागू नहीं होगा. ऐसे विषयों में छात्रों को अलग से प्रोजेक्ट जमा करने या इंटरनल मार्क्स पाने की आवश्यकता नहीं होगी.
इन विषयों के कुल अंक केवल थ्योरी परीक्षा के आधार पर तय किए जाएंगे. यदि किसी विषय में सामान्य रूप से प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट के अंक निर्धारित होते हैं, लेकिन निजी छात्र के मामले में वे उपलब्ध नहीं हैं, तो बोर्ड थ्योरी में प्राप्त अंकों के अनुपात में अंतिम अंक जोड़ने की व्यवस्था करेगा.
सीबीएसई ने अपने सभी संबद्ध स्कूलों को भी जरूरी निर्देश दिए हैं. स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान आंतरिक परीक्षक उपलब्ध रहे. यदि किसी परीक्षा केंद्र पर संबंधित विषय का शिक्षक मौजूद नहीं है, तो नजदीकी सीबीएसई से जुड़े किसी अन्य स्कूल से योग्य शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी. इससे परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहेगी.
बोर्ड ने यह भी कहा कि प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए केवल वही उत्तर पुस्तिकाएं इस्तेमाल की जाएं, जो क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा भेजी गई हो. परीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे उत्तर पुस्तिकाओं में छात्र का विवरण, अंक और अन्य आवश्यक जानकारी बहुत सावधानी से और सही तरीके से भरे, ताकि आगे किसी प्रकार की त्रुटि न हो.
आधिकारिक सूचना के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षाएं उन्हीं स्कूलों या परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी, जो छात्रों के लिए थ्योरी परीक्षा के केंद्र के रूप में निर्धारित किए गए हैं. बाहरी परीक्षक (एक्सटर्नल एग्जामिनर) की नियुक्ति संबंधित क्षेत्रीय निदेशक या अधिकारी द्वारा की जाएगी. वहीं, आंतरिक परीक्षक की जिम्मेदारी केंद्र अधीक्षक की होगी, जो अपने स्कूल के शिक्षकों में से किसी योग्य शिक्षक को नियुक्त करेंगे.
इन प्रैक्टिकल परीक्षाओं में वे छात्र शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने वर्ष 2025 या 2024 में कक्षा 12 की परीक्षा दी थी, लेकिन किसी कारणवश उनके प्रैक्टिकल अंक उपलब्ध नहीं हैं, जैसे अनुपस्थिति या दोबारा परीक्षा की स्थिति. ऐसे छात्र शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रैक्टिकल परीक्षा दे सकते हैं. इसके अलावा, वर्ष 2023 या उससे पहले के वे छात्र, जिन्होंने निजी श्रेणी में सभी विषयों के साथ आवेदन किया है, वे भी अपने संबंधित प्रैक्टिकल विषयों की परीक्षा में भाग ले सकेंगे. सीबीएसई ने निजी छात्रों के लिए स्पष्ट और व्यवस्थित दिशा-निर्देश जारी किए हैं ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.