नई दिल्ली: CBSE क्लास 10 और 12 की बोर्ड एग्जाम कल से शुरू होने वालें हैं, जिसमें लगभग 46 लाख रजिस्टर्ड स्टूडेंट्स शामिल होगें. इस साल के एग्जाम में कुछ गाइडलाइंस जारी किए गए हैं, जिनका स्टूडेंट्स को सख्ती से पालन करना होगा. वरना उन्हें एग्जाम में बैठने की इजाजत नहीं दी जा सकती.
प्राइवेट और रेगुलर स्टूडेंट्स के लिए ड्रेस-कोड के नियम अलग-अलग हैं. रेगुलर स्कूल में एडमिशन लेने वाले स्टूडेंट्स को अपनी ऑफिशियल स्कूल यूनिफॉर्म पहननी होगी, जबकि प्राइवेट स्टूडेंट्स को शर्ट या टी-शर्ट जैसे हल्के कपड़े पहनने की इजाजत है. CBSE बोर्ड एग्जाम 2026 के लिए चेकिंग इतनी सख्त होगी कि आपके जूतों के सोल से लेकर शर्ट के बटन तक सब पर नजर रखी जाएगी.
CBSE ने साफ किया है कि रेगुलर स्टूडेंट्स एग्जाम सेंटर पर सिर्फ अपनी स्कूल यूनिफॉर्म में ही आएंगे. उन्हें अपने स्कूल ID कार्ड भी साथ रखने होंगे. प्राइवेट CBSE कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे सिंपल, हल्के रंग के कपड़े पहनें. चमकीले रंग या ज्यादा कढ़ाई वाले कपड़े शक वाले माने जा सकते हैं.
स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे CBSE बोर्ड एग्जाम 2026 के दौरान फुल-स्लीव शर्ट या टी-शर्ट के बजाय हाफ-स्लीव शर्ट पहनें. हालांकि, यह मौसम के हिसाब से अलग हो सकता है.
कई जेबों वाले कार्गो पैंट या जिपर वाली जैकेट पूरी तरह से मना हैं. जूतों के सोल पतले होने चाहिए. हो सके तो सेंटर पर सिंपल चप्पल पहनकर जाएं.
CBSE बोर्ड एग्जाम सेंटर के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल घड़ियां और पर्स/वॉलेट पूरी तरह से मना हैं. इसके अलावा, कोई भी लिखा हुआ सामान या चिट ले जाने पर अनफेयर मीन्स यानी UFM केस हो सकता है, जिससे आपका साल खराब हो सकता है. याद रखें, सेंटर के गेट सुबह 10 बजे बंद हो जाते हैं, इसलिए 9:30 बजे तक पहुंचने की कोशिश करें.