सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं के लिए अनिवार्य की APAAR ID, अब एक क्लिक पर मिलेगी छात्रों की मार्कशीट; यहां जानें पूरा प्रोसेस
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों के लिए एक बड़ा बदलाव किया है. अब 2026-27 शैक्षणिक सत्र से बोर्ड परीक्षाओं के रजिस्ट्रेशन के समय APAAR ID होना अनिवार्य होगा. बिना इस आईडी के छात्र परीक्षा फॉर्म भर नहीं सकेंगे. यह फैसला हाल ही में सीबीएसई की गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिया गया.
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों के लिए एक बड़ा बदलाव किया है. अब 2026-27 शैक्षणिक सत्र से बोर्ड परीक्षाओं के रजिस्ट्रेशन के समय APAAR ID होना अनिवार्य होगा. बिना इस आईडी के छात्र परीक्षा फॉर्म भर नहीं सकेंगे. यह फैसला हाल ही में सीबीएसई की गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिया गया. बोर्ड ने पाया कि 2025-26 सत्र तक सिर्फ 50 प्रतिशत से कम छात्रों ने APAAR ID बनवाई थी. इसलिए अब इसे अनिवार्य बनाने का निर्णय हुआ है. यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) और डिजिटल इंडिया के लक्ष्यों को मजबूत करेगा.
APAAR ID क्या है?
APAAR का पूरा नाम Automated Permanent Academic Account Registry है. इसे 'वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी' भी कहा जाता है. यह एक 12 अंकों की यूनिक नंबर है, जो हर छात्र को जीवन भर मिलेगी. इस आईडी से छात्र की पूरी पढ़ाई का डिजिटल रिकॉर्ड एक जगह सुरक्षित रहता है.
इसमें शामिल होंगे:-
सभी मार्कशीट और सर्टिफिकेट
डिग्री और क्रेडिट्स
स्कॉल बदलने पर आसानी से ट्रांसफर
स्पोर्ट्स, स्कॉलरशिप और अन्य उपलब्धियां
एक क्लिक पर छात्र अपनी मार्कशीट या सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे. इससे फर्जी सर्टिफिकेट की समस्या भी कम होगी और रिकॉर्ड ट्रैक करना आसान बनेगा.
क्यों अनिवार्य किया गया?
पहले यह वैकल्पिक था, लेकिन धीमी रफ्तार के कारण सीबीएसई ने इसे जरूरी बना दिया. अब कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को रजिस्ट्रेशन और लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) भरते समय यह आईडी देनी होगी. कुछ राज्यों में पहले डेटा और सहमति की समस्या आई थी, लेकिन बोर्ड अब स्कूलों की मदद करेगा.
APAAR ID कैसे बनवाएं?
छात्र दो तरीकों से आईडी बना सकते हैं:-
स्कूल के जरिए - अपने स्कूल से संपर्क करें. माता-पिता को सहमति पत्र भरना होगा. स्कूल UDISE+ पोर्टल पर जाकर आईडी जेनरेट कर देगा. यह सबसे आसान तरीका है.
ऑनलाइन खुद - DigiLocker ऐप या वेबसाइट पर जाएं. आधार कार्ड और उससे जुड़े मोबाइल नंबर से अकाउंट बनाएं. या Academic Bank of Credits (ABC) पोर्टल पर भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
महत्वपूर्ण सलाह जल्दी से आईडी बनवा लें, ताकि परीक्षा रजिस्ट्रेशन में कोई दिक्कत न हो.
आधार में नाम, जन्मतिथि आदि सही जांच लें, क्योंकि गलती होने पर आईडी में समस्या आ सकती है.
केवल आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in या apaar.education.gov.in पर जानकारी लें। अफवाहों से बचें.
यह बदलाव छात्रों के लिए फायदेमंद है. इससे उनका शैक्षणिक सफर डिजिटल और सुरक्षित बनेगा. अभिभावक बच्चों को जल्दी APAAR ID बनवाने के लिए प्रोत्साहित करें.