IPL 2026

नीट एग्जाम में कड़ी सुरक्षा जांच के बाद मिला प्रवेश, कलावा भी खुलवाया

चेक-इन के लिए अभ्यर्थियों को तीन घंटे पहले बुलाया गया। एनटीए की गाइड लाइंस का कराया जा रहा पालन। अवांछित गतिविधियां रोकने को सभी केंद्रों पर लगाए गए हैं जैमर।

google
Sagar Bhardwaj

ग्रेटर नोएडाः जनपद गौतमबुद्धनगर में आज 25 केंद्रों पर नीट यूजी एग्जाम 2026 का आयोजन किया जा रहा है. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान परीक्षार्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच का सामना करना पड़ा. तीन चरणों में पूरी हुई जांच के दौरान परीक्षार्थियों के हाथ से कलावा तक खुलवा दिया गया. लड़कियों को ज्वैलरी पहनकर प्रवेश की इजाजत नहीं थी, इसलिए कई लड़कियां कीमती ज्वैलरी की सुरक्षा को लेकर भी परेशान दिखीं, हालांकि जिनके पेरेंट्स प्रवेश द्वार पर मौजूद थे उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई.

तीन चरणों में ऐसे हुई सुरक्षा जांच

बादलपुर स्थित कुमारी मायावती राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों को तीन चरणों की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा. सबसे पहले प्रवेश पत्रों की जांच की गई. उसके बाद उन्हें मेटल डिटेक्टर से गुजरना पड़ा. उसके बाद अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनकी आंखों को स्कैन किया गया. इस पूरी प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर बुलाया गया था.

2 बजे शुरू होगी परीक्षा

जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के मुताबिक आज नीट परीक्षा 2 बजे से शुरू होगी. जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर करीब 8 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे परीक्षा केंद्रों पर बुलाया गया था ताकि किसी तरह की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके. 

सभी केंद्रों पर लगाए गए हैं जैमर

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल नेटवर्क को रोका जा सके और कोई भी अवांछित गतिविधि को अंजाम न दे सके. उन्होंने बताया कि कोई भी अभ्यर्थी कुछ गलत करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से मिले दिशा निर्देशों को अक्षरशः पालन कराया जा रहा है. इलेक्ट्रोनिक उपकरणों पर तो रोक है ही, कई अभ्यर्थियों के कान के कुंडल और अंगूठी के अलावा कलावा भी उतरवाया गया है.