मां से उधार लेकर शुरू किया था Pizza Hut का कारोबार, आज 22500 करोड़ रुपये में हुई डील

पिज्जा हट की पैरेंट कंपनी यम ब्रांड्स ने करीब 22,500 करोड़ रुपये में ब्रांड बेचने का फैसला किया है. 1958 में दो भाइयों ने अपनी मां से 600 डॉलर उधार लेकर इस कंपनी की शुरुआत की थी. चलिए जानते हैं पूरी कहानी क्या है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पिज्जा ब्रांडों में शामिल पिज्जा हट एक बार फिर चर्चा में है. इसकी वजह है 2.7 अरब डॉलर यानी करीब 22,500 करोड़ रुपये की बड़ी डील. पिज्जा हट की पैरेंट कंपनी यम! ब्रांड्स ने कंपनी को दो अलग-अलग सौदों के जरिए बेचने का फैसला किया है. 

इस डील के तहत चीन के बाहर पिज्जा हट के वैश्विक कारोबार को लॉन्ग-रेंज कैपिटल करीब 1.5 अरब डॉलर में खरीदेगी, जबकि चीन में मौजूद पिज्जा हट के कारोबार को यम चाइना होल्डिंग्स 1.2 अरब डॉलर में खरीदेगी. दोनों सौदों का कुल मूल्य 2.7 अरब डॉलर है. 

क्या है पिज्जा हट की कहानी?

पिज्जा हट की कहानी भी काफी प्रेरणादायक मानी जाती है. इसकी शुरुआत वर्ष 1958 में दो भाइयों, डैन कार्नी और फ्रैंक कार्नी ने की थी. दोनों भाइयों ने अमेरिका के कंसास राज्य के विचिटा शहर में पहला आउटलेट खोलने के लिए अपनी मां से 600 डॉलर उधार लिए थे. उस समय यह एक छोटा सा पिज्जा स्टोर था, लेकिन बाद में यह दुनिया के सबसे बड़े पिज्जा ब्रांडों में शामिल हो गया. 


कंपनी को बेचने के पीछे कई कारोबारी कारण बताए जा रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों में पिज्जा हट को बिक्री में गिरावट, बढ़ती लागत और कड़ी प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. अमेरिका में कंपनी की बिक्री लगातार दबाव में रही है और कई स्टोर बंद भी किए गए हैं. 

यम ब्रांड्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने क्या कहा?

यम ब्रांड्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्रैंक कार्नी ने कहा कि इस सौदे से कंपनी अपने अन्य प्रमुख ब्रांडों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेगी. उनका मानना है कि नए मालिकों के नेतृत्व में पिज्जा हट के पास विकास के बेहतर अवसर होंगे. 

पिज्जा हट की कैसी है अभी स्थिति?

आज पिज्जा हट दुनिया भर में हजारों आउटलेट्स के साथ एक वैश्विक ब्रांड बन चुका है. अमेरिका में यह डोमिनोज के बाद दूसरा सबसे बड़ा पिज्जा ब्रांड माना जाता है. हालांकि हाल के वर्षों में बदलती उपभोक्ता पसंद और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण इसकी वृद्धि की रफ्तार प्रभावित हुई है. 

यह सौदा 2026 की तीसरी तिमाही तक नियामकीय मंजूरियों के बाद पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद पिज्जा हट नए मालिकों के तहत अपने अगले कारोबारी अध्याय की शुरुआत करेगा.