IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

आखिरी 20 मिनट में शेयर बाजार में तूफानी तेजी, निफ्टी पहुंचा 24,800 के पार, जानें क्या रहे कारण

आईटी और एफएमसीजी को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक तेजी के साथ बंद हुआ. निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब 0.5 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली.

pinterest
Sagar Bhardwaj

तीन दिनों की भारी गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली.  आखिर के 20 मिनट में आई तेजी से निवेशकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी. बाजार बंद होने तक सेंसेक्स में 900 अंकों और निफ्टी में 285 अंकों का उछाल देखने को मिला.

शेयर बाजार में उछाल के कारण निफ्टी इंडेक्स 3 प्रतिशत से ज्यादा उछल गया. रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक निफ्टी के टॉप गेनर्स रहे. वहीं टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और नेस्ले इंडिया में करीब 1 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली. कुल मिलाकर 2302 शेयरों में तेजी, 1,325 शेयरों में गिरावट देखने को मिली जबकि 129 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

आईटी और एफएमसीजी को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक तेजी के साथ बंद हुआ. निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब 0.5 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली.

बाजार में क्यों आई तूफानी तेजी

1. ईरान का सुलह का रुख: एक न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा कि अगर अमेरिका एक संतोषजनक वैकल्पिक प्रस्ताव प्रस्तुत करता है तो तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को छोडने को तैयार है. 

2. वैल्यू बाइंग: तीन दिनों की बिकवाली के बाद बाजार में वैल्यू बाइंग देखने को मिली. निवेशकों ने रियल एस्टेट, मेटल, तेल और गैस के शेयरों को कम कीमतों पर खरीदा. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर आज करीब 3 प्रतिशत तक चढ़ गए.

3. सकारात्मक वैश्विक संकेत:  ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत के प्रति तत्परता दिखाने की खबरों के बाद वॉल स्ट्रीट सहित तमाम एशियाई बाजारों में उछाल देखा गया. वहीं तेल बाजारों को स्थिर करने के उद्देश्य से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों ने भी निवेशकों की चिंताओं को दूर करने में मदद की.

4. इंडिया VIX:  बाजार में भय दिखाने वाला सूचकांक इंडिया VIX 10 प्रतिशत गिरकर 19.04 पर आ गया, जो निवेशकों की चिंता में कमी का संकेत देता है.

5. रुपए में मजबूती: घरेलू बाजार में तेजी के चलते रुपया हाल के निचले स्तरों से उबरते हुए डॉलर के मुकाबले 48 पैसे मजबूत होकर 91.57 पर पहुंच गया.