पेट्रोल-डीजल भरवाने से पहले जान लें आज के रेट, दिल्ली से हैदराबाद तक क्या है हाल?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज होने के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल के मामले में फिलहाल राहत नहीं मिली है.
नई दिल्ली: पेट्रोल पंप पर गाड़ी की टंकी फुल कराने से पहले अगर आप रोजाना ईंधन के भाव चेक करते हैं, तो 10 नवंबर का अपडेट आपके काम का है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन इसका फायदा फिलहाल भारतीय ग्राहकों को नहीं मिला है. देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के खुदरा भाव में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच वैश्विक तेल बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के ईरान पर नए हमले की संभावना कम होने वाले बयान के बाद कच्चे तेल के दाम नीचे आए हैं. इसके बावजूद घरेलू पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को पुरानी दरों पर ही ईंधन खरीदना पड़ रहा है.
दिल्ली से मुंबई तक पेट्रोल-डीजल के ताजा भाव
10 नवंबर को राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. मुंबई में पेट्रोल का भाव 111.21 रुपये और डीजल का 97.83 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 107.76 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है.
Also Read
कोलकाता और बेंगलुरु में कितनी है कीमत?
कोलकाता में वाहन चालकों को एक लीटर पेट्रोल के लिए 113.51 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. बेंगलुरु में पेट्रोल का भाव 111.68 रुपये और डीजल का 99.56 रुपये प्रति लीटर है. दोनों शहरों में भी ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
हैदराबाद में सबसे महंगा मिल रहा पेट्रोल
प्रमुख महानगरों में हैदराबाद में पेट्रोल और डीजल के भाव सबसे ज्यादा हैं. यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 116.15 रुपये और डीजल की कीमत 104.23 रुपये है. अलग-अलग राज्यों में वैल्यू एडेड टैक्स (VAT), ढुलाई शुल्क और अन्य स्थानीय करों के कारण पेट्रोल-डीजल के दाम अलग-अलग होते हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्यों गिरे कच्चे तेल के दाम?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को संकेत दिया कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत जारी रहने तक वह नए हमले का आदेश देने की संभावना कम रखते हैं. इस बयान के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 5.85 प्रतिशत की गिरावट आई. यह 5.75 डॉलर टूटकर 92.57 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 4.38 प्रतिशत गिरकर 86.85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.