Petrol Diesel Price: राहत की उम्मीद, लेकिन अभी स्थिर हैं पेट्रोल और डीजल की कीमतें; जानें लेटेस्ट रेट
27 जुलाई 2026 को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया. दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है.
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई. शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड करीब पांच प्रतिशत टूटकर 92.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी पांच प्रतिशत से अधिक गिरकर 84.82 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.
पिछले सप्ताह कच्चे तेल में लगभग दस प्रतिशत की तेजी आई थी और इसकी कीमत मई के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट के बावजूद भारत की सरकारी तेल कंपनियों ने 27 जुलाई 2026 को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया. देशभर में 25 मई 2026 के बाद से ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं.
नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने कहा है कि घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव तभी किया जाएगा, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार कम स्तर पर स्थिर रहने के संकेत मिलेंगे. इससे साफ है कि फिलहाल उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है.
Also Read
सरकारी तेल कंपनियों ने मई 2026 में कई चरणों में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे. 15 मई को पेट्रोल तीन रुपये और डीजल 3.29 रुपये महंगा किया गया. इसके बाद 19 मई और 23 मई को दोनों ईंधनों की कीमतों में 87 पैसे और 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई. 25 मई को फिर पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया था.
किस शहर में कितना है दाम?
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.02 रुपये प्रति लीटर है. मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. वहीं चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है.
कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का असर सरकारी तेल कंपनियों पर भी पड़ा है. बीपीसीएल और एचपीसीएल को जून तिमाही में भारी नुकसान हुआ है, जबकि आईओसीएल के तिमाही नतीजों का अभी इंतजार है.