West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Petrol-Diesel Rates Today: कच्चा तेल 100 डॉलर के पार, फिर तेज हुई हलचल; क्या बढ़ने वाले हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बाद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की अटकलें फिर तेज हो गई हैं.

ANI
Reepu Kumari

नई दिल्ली: कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई तेज उछाल ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर बहस तेज कर दी है. ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है, जिससे दुनिया के कई देशों में ईंधन महंगा हो गया है. भारत में हालांकि अभी तक राहत बरकरार है और सरकारी तेल कंपनियों ने 7 मई को भी दाम स्थिर रखे हैं.

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी IMF का मानना है कि बढ़ती लागत का असर उपभोक्ताओं तक पहुंचना चाहिए. दूसरी ओर केंद्र सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने का कोई फैसला नहीं है. इसके बावजूद बाजार विशेषज्ञ लगातार संकेत दे रहे हैं कि हालात लंबे समय तक ऐसे नहीं रह सकते.

कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाई चिंता

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर सीधे अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर दिखाई दे रहा है. कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल से दुनियाभर के देशों में ईंधन महंगा हुआ है. भारत में फिलहाल कीमतें स्थिर हैं, लेकिन सरकारी तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ता जा रहा है. जानकारों का मानना है कि यदि वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का दबाव और तेज हो सकता है.

IMF ने क्या कहा?

IMF के अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि ऊर्जा की वास्तविक लागत उपभोक्ताओं तक पहुंचनी चाहिए. IMF के कृष्णा श्रीनिवासन के मुताबिक उत्पाद शुल्क में कटौती और सब्सिडी का दायरा सीमित है. वहीं रोड्रिगो वाल्डेस ने कहा कि ऊर्जा महंगी होने से खपत नियंत्रित होती है. फिच रेटिंग ने भी चेतावनी दी है कि यदि तेल कंपनियां लंबे समय तक कीमतें नहीं बढ़ातीं तो उनकी कमाई पर गंभीर असर पड़ सकता है.

आज क्या हैं पेट्रोल-डीजल के रेट

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल ने बुधवार सुबह 6 बजे नई कीमतें जारी कीं. राहत की बात यह रही कि आज भी पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ. दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं कोलकाता में पेट्रोल 104.99 रुपये और डीजल 91.81 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है.

पश्चिम बंगाल के शहरों में कीमतें स्थिर

पश्चिम Bengal के कई शहरों में भी पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव दर्ज नहीं किया गया. सूरी में पेट्रोल 105.43 रुपये, बारासात में 105.24 रुपये और वर्धमान में 105.33 रुपये प्रति लीटर बना हुआ है. बहरामपुर, कृष्णानगर और कूचबिहार जैसे शहरों में कीमतें 106 रुपये के पार हैं. लगातार ऊंचे दाम के बावजूद राज्यभर में आज किसी भी शहर में नई बढ़ोतरी नहीं हुई.

पड़ोसी देशों से फिर भी सस्ता भारत

भारत में कीमतें स्थिर रहने का असर तुलना में साफ दिखता है. पाकिस्तान में पेट्रोल करीब 136.75 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है. चीन में यह 126.46 रुपये और नेपाल में 135.41 रुपये प्रति लीटर है. श्रीलंका और म्यांमार में भी पेट्रोल काफी महंगा बिक रहा है. ऐसे में भारत अभी भी कई पड़ोसी देशों के मुकाबले अपेक्षाकृत राहत की स्थिति में दिखाई दे रहा है, हालांकि वैश्विक दबाव लगातार बना हुआ है.