नई दिल्ली: अगर आपकी जेब में 100 रुपये का नोट है और आपको उसके असली या नकली होने पर शक है, तो अब इसे आसानी से जांचा जा सकता है. भारतीय रिजर्व बैंक ने 100 रुपये के असली नोट की पहचान के लिए कुछ खास साइन बताए हैं. इनकी मदद से आम लोग भी नकली नोट की पहचान कर सकते हैं और ठगी से बच सकते हैं.
आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर भारतीय करेंसी के सभी नोटों की सुरक्षा विशेषताओं की जानकारी दी गई है. 100 रुपये के नोट में ऐसे कई साइन मौजूद हैं जिन्हें देखकर उसकी असलियत का पता लगाया जा सकता है.
सबसे पहला साइन नोट के नीचे बाईं ओर बना सी थ्रू रजिस्टर है. इसमें 100 अंक बना होता है, जो नोट को रोशनी के सामने रखने पर साफ दिखाई देता है.
दूसरा, असली नोट पर 100 का मूल्य देवनागरी लिपि में भी लिखा होता है. यह नकली नोटों से अलग पहचान बनाने में मदद करता है.
तीसरा, नोट के सामने वाले हिस्से के बीच में महात्मा गांधी की स्पष्ट तस्वीर होती है, जो असली नोट की महत्वपूर्ण पहचान है.
चौथा, नोट के दाईं ओर गारंटी क्लॉज, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के हस्ताक्षर और आरबीआई का प्रतीक चिन्ह मौजूद होता है.
पांचवां, नोट के नीचे दाईं ओर नंबर पैनल होता है, जिसमें सीरियल नंबर छोटे से बड़े आकार में लिखे होते हैं.
छठा, नोट के ऊपर बाईं ओर भी नंबर पैनल होता है, जिसमें अंक छोटे से बड़े आकार में दिखाई देते हैं.
सातवां, नोट के नीचे दाईं ओर अशोक स्तंभ का प्रतीक चिन्ह बना होता है, जो असली नोट की एक और महत्वपूर्ण पहचान है.
इन सभी साइन की जांच करने के बाद आप आसानी से समझ सकते हैं कि नोट असली है या नकली. यदि किसी नोट में ये विशेषताएं नहीं मिलती हैं या उस पर संदेह होता है, तो उसे स्वीकार करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर बैंक में जांच करानी चाहिए.
भारतीय रिजर्व बैंक समय समय पर लोगों को नकली नोटों से सतर्क रहने की सलाह देता है. इसलिए किसी भी लेनदेन के दौरान नोटों की जांच करना एक अच्छी आदत है. इससे आर्थिक नुकसान और धोखाधड़ी दोनों से बचा जा सकता है.